UP में टैक्स फ्री हुई ‘कृष्णावतारम्’… फिल्म देखने के बाद CM योगी ने किया ऐलान, कही ये बात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'कृष्णावतारम्' फिल्म को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री घोषित किया है. लोकभवन में विशेष स्क्रीनिंग के बाद यह घोषणा हुई, जहां राज्यपाल सहित कैबिनेट में शामिल हुए सभी नए मंत्री मौजूद थे. यह फिल्म भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और सनातन संस्कृति को दर्शाती है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म कृष्णावतारम् को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री कर दिया है. रविवार को मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद लोकभवन सभागार में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग हुई. इसमें राज्यपाल आनंदीबेन, सीएम योगी, दोनों उप मुख्यमंत्री और मंत्रीगण ने यह फिल्म देखी. इसके बाद मुख्यमंत्री ने इस फिल्म को प्रदेश में टैक्स फ्री करने को घोषणा की.
फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग के समय लोकभवन सभागार पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूब गया. ‘कृष्णा कृष्णा, राधे राधे’ के जयघोष से पूरा सभागार गूंज उठा. इस दौरान सीएम योगी ने फिल्म की तारीफ की और मंच पर कलाकारों का सम्मान भी किया. साथ ही कहा कि यह भारत की संस्कृति और पुरातन विरासत को मुख्य धारा में प्रस्तुत करने वाली फिल्म है.
फिल्म में द्वापर और सनातन संस्कृति की झलक
फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन को मानवीय दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है. फिल्म में द्वापर युग, भारतीय पुरातन संस्कृति और सनातन परंपरा के विभिन्न आयामों को भव्यता के साथ दर्शाया गया है. सबसे खास बात इसमें भगवान कृष्ण के साथ राधा, रुक्मिणी और सत्यभामा की प्रेम कथाओं को अलग-अलग स्वरूपों में प्रस्तुत किया गया है.
सीएम योगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वृंदावन बिहारी लाल की जय और भारत माता के जयकारे लगाए. उन्होंने कहा कि यह अद्भुत संयोग है कि आज मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद शपथ ग्रहण करने वाले सभी मंत्री पूरे मंत्रिमंडल के साथ इस अद्भुत कार्यक्रम में सहभागी बने. करीब ढाई घंटे तक सभी एक साथ बैठे और हर एक चेहरे पर नई रौनक दिखी.
हर जिलें में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म में मुख्य अभिनेत्री के रूप में सत्यभामा का किरदार निभाने वाली कलाकार का नाम भी संस्कृति है, जिन्होंने इस भूमिका को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है. संस्कृति राज्यपाल की नातिन हैं और किसी भी नानी के लिए इससे अद्भुत क्षण और क्या होगा. जिसका पालन-पोषण किया, आज उसे इतना बेहतर काम करते हुए वे देख रहीं हैं.
उन्होंने फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग के लिए पूरी टीम को हृदय से धन्यवाद दिया. इसी के साथ फिल्म को टैक्स फ्री करने की घोषणा की. उन्होंने सूचना विभाग को हर जिलें में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित कराने में सहयोग करने का निर्देश दिया, जिससे बच्चे और युवा इसे देखकर अपनी संस्कृति, परंपरा और सनातन विरासत के बारे में समझ सकें.
हमें अपनी संस्कृति पर ऐसी फिल्में बनानी चाहिए- राज्यपाल
सीएम योगी ने राज्यपाल का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया. वहीं, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी का आभार व्यक्त किया. साथ ही कहा कि हमें अपनी संस्कृति और परंपरा को लेकर ऐसी फिल्में बनानी चाहिए. इस फिल्म के निर्देशक हार्दिक गज्जर हैं. फिल्म में जैकी श्रॉफ और आशुतोष राणा समेत कई बड़े कलाकार भी हैं.