27 मंजिला अपार्टमेंट, 384 प्रीमियम फ्लैट… LDA के ऐशबाग स्क्वायर के लिए रजिस्ट्रेशन की डेट बढ़ी
लखनऊ में अपने फ्लैट लेने वालों के लिए सुनहरा मौका है. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने ऐशबाग स्क्वायर फ्लैट्स के पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है. पुराने लखनऊ में स्थित इस प्रोजेक्ट में 27 मंजिला के 4 टावर होंगे, जिसमें प्रीमियम 3BHK+स्टडी अपार्टमेंट्स में 384 फ्लैट होंगे. यह तीन साल में पूरी हो जाएगी.
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट में फ्लैट्स लेने की सोच रहे हैं, तो मौका हाथ से गया नहीं है. फ्लैट्स के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारिख 1 माह के लिए बढ़ा दी गई है. एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने जन सामान्य की मांग पर अब इसे 15 अप्रैल, 2026 तक के लिए बढ़ा दिया है. एलडीए वेबसाइट पर आप इसे बुक करा सकते हैं.
ऐशबाग स्क्वायर रेजिडेंशियल अपार्टमेंट में लगभग 1900 वर्गफिट क्षेत्रफल के कुल 384 प्रीमियम फ्लैट्स होंगे. इसमें कुल 04 टावर होंगे, प्रत्येक टावर 27 मंजिल का होगा. पंजीकरण सिर्फ और सिर्फ एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से ही कराया जा सकेगा. इसके लिए फ्लैट के अनुमानित मूल्य की 5 प्रतिशत धनराशि बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करनी होगी.
प्राइम लोकेशन, 384 फ्लैट, कीमत 1.11 करोड़ से शुरू
अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि ऐशबाग में मिल रोड पर बनने वाले इस ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट की कनेक्टिविटी और लोकेशन काफी प्राइम होगी. यह पुराने लखनऊ के घनी आबादी वाले क्षेत्र में बनेगा. इससे कुछ ही दूरी पर चारबाग रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और नाका, आलमबाग एवं अमीनाबाद जैसे महत्वपूर्ण बाजार स्थित हैं.
उन्होंने बताया कि अपार्टमेंट में 3 BHK+स्टडी के कुल 384 फ्लैट होंगे. प्रत्येक फ्लैट लगभग 1900 वर्गफिट क्षेत्रफल का होगा, जिसकी कीमत 1.11 करोड़ रूपये से शुरू होगी. सोसाइटी में स्वीमिंग पूल, 600 से अधिक वाहनों की पार्किंग, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले-एरिया, पावर बैकअप और कैम्पस में ही कॉमर्शियल दुकानें भी होंगी.
45-90 दिनों में पूरा पैसे जमा करने पर 6% तक की छूट
LDA ने ऐशबाग स्क्वायर का निर्माण 3 साल के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा है और पांच साल के भीतर आवंटियों को फ्लैट का कब्जा मिल जाएगा. फ्लैट के लिए पंजीकरण कराने वाले आवेदकों को आवंटन के बाद 36 महीने की किश्तों में पूर्ण धनराशि जमा करनी होगी. वहीं, 45 से 90 दिनों में पूर्ण धनराशि जमा करने पर 6 से 4 प्रतिशत की छूट मिलेगी.