लखनऊ में लेखपालों से मुलाकात के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे तहसील के चक्कर, एक क्लिक पर मिलेगा सभी का मोबाइल नंबर

लखनऊ की पांचों तहसीलों के लेखपालों का विवरण सार्वजनिक किया गया है. इसमें संबंधित क्षेत्र, ग्रामसभा और संपर्क नंबर की जानकारी उपलब्ध है. ऐसा होने से अब लखनऊ में लेखपालों से मुलाकात करने के लिए बार-बार तहसील का चक्कर नहीं लगाना होगा.

एक क्लिक पर मिलेगा लेखपालों का मोबाइल नंबर ( प्रतीकात्मक तस्वीर)

लखनऊ प्रशासन ने आम लोगों की सुविधा के लिए बड़ा डिजिटल कदम उठाया है. राजधानी की सभी तहसीलों के लेखपालों के मोबाइल नंबर और तैनाती से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध करा दी गई है. जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर की पहल पर शुरू की गई नई वेबसाइट के जरिए लोग घर बैठे अपने क्षेत्र के लेखपाल की जानकारी हासिल कर सकेंगे. लेखपालों की सूची के लिए आपको लखनऊ भूलेख की ऑफिशियल वेबसाइट ( https://lucknowbhulekh.in/MasterData/LekhpalByTehsil) पर विजिट करना होगा.

इस वेबसाइट पर आप ग्रामसभा के मुताबिक लेखपालों की जानकारी हासिल कर सकेंगे. नई व्यवस्था के तहत नागरिक अपनी तहसील और ग्रामसभा के अनुसार संबंधित लेखपाल का नाम और मोबाइल नंबर आसानी से देख सकेंगे. इससे जमीन, दाखिल खारिज, पैमाइश और राजस्व से जुड़े कार्यों में लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी. उन्हें बार-बार अपने काम के लिए लेखपाल को खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

अब लेखपाल के नंबर के लिए नहीं लगाना होगा तहसील का चक्कर

-पहले लोगों को लेखपाल का नंबर जानने के लिए तहसील कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे. कई बार तो लेखपालों से मुलाकात नहीं हो पाती थी. ऐसे में सही जानकारी न मिलने से लोगों को परेशानी होती थी. अब वेबसाइट पर सीधे जानकारी उपलब्ध होने से लोग लेखपाल से फोन पर संपर्क कर सकेंगे. उन्हें लेखपालों से अपना काम कराने के लिए उनकी बार-बार खोजबीन भी नहीं करनी होगी, जिससे लोगों को काफी ज्यादा सहूलियत हो जाएगी.

पांचों तहसील के लेखपालों का डिटेल सार्वजनिक किया गया

प्रशासन की ओर से फिलहाल लखनऊ की पांचों तहसीलों के लेखपालों का विवरण सार्वजनिक किया गया है. इसमें संबंधित क्षेत्र, ग्रामसभा और संपर्क नंबर की जानकारी उपलब्ध है. राजधानी लखनऊ में प्रशासन की इस पहल को डिजिटल गवर्नेस और पारदर्शिता की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. इससे आम जनता और राजस्व विभाग के बीच समन्वय बेहतर होने की उम्मीद है.

Follow Us