लखनऊ मेट्रो को मिली रफ्तार, ₹384 करोड़ में बनेंगे 5 नए स्टेशन; इसे मिला टेंडर
लखनऊ मेट्रो में मेट्रो के अगले फेज का रास्ता साफ हो गया है. यूपीएमआरसी ने ठाकुरगंज से वसंतकुंज सेक्शन के निर्माण का ₹384 करोड़ का ठेका रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को दिया है. कंपनी ठाकुरगंज, बालागंज, सरफराजगंज, मूसाबाग और वसंतकुंज में मेट्रो स्टेशन का निर्माण करेगी. परियोजना 24 महीनों में पूरी की जाएगी. इससे लखनऊ के घनी आबादी वाले इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
राजधानी लखनऊ में मेट्रो विस्तार परियोजना ने एक और अहम पड़ाव पार कर लिया है. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने लखनऊ मेट्रो फेज-1बी के तहत ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के एलिवेटेड हिस्से के निर्माण के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रमुख सिविल निर्माण टेंडर आवंटित कर दिया है, लगभग 384 करोड़ रुपये (जीएसटी सहित करीब 453 करोड़ रुपये) की लागत वाली इस परियोजना का जिम्मा मेसर्स रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को सौंपा गया है.
इस परियोजना के तहत ठाकुरगंज से वसंतकुंज के बीच एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर, पांच एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों और वायाडक्ट का निर्माण किया जाएगा. यूपीएमआरसी का दावा है कि यह पूरा काम शुरू होने की तारीख से 24 महीने यानी दो वर्षों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा. ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर का यह हिस्सा पुराने और घनी आबादी वाले इलाकों को आधुनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ेगा. पांच एलिवेटेड स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा.
पांच नए स्टेशन बदलेंगे पुराने लखनऊ की तस्वीर
ठाकुरगंज मेट्रो स्टेशन
बालागंज मेट्रो स्टेशन
सरफराजगंज मेट्रो स्टेशन
मूसाबाग मेट्रो स्टेशन
वसंतकुंज मेट्रो स्टेशन
4.6 किलोमीटर का वायाडक्ट और 740 मीटर का रैंप
टेंडर के अनुसार कंपनी करीब 4.6 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मेट्रो वायाडक्ट का डिजाइन और निर्माण करेगी. इसके अलावा मुख्य लाइन को डिपो से जोड़ने के लिए 740 मीटर लंबा रैंप भी बनाया जाएगा. यूपीएमआरसी के मुताबिक टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी रही. विस्तृत तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को सफल बोलीदाता घोषित किया गया और परियोजना का कार्यभार सौंपा गया.
सड़क जाम से मिलेगी राहत
अधिकारियों का कहना है कि इससे परियोजना के निर्माण कार्य को गति मिलेगी और निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने का रास्ता साफ होगा. राजधानी लखनऊ लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव से जूझ रही है। ऐसे में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. लखनऊ मेट्रो फेज-1बी के तहत प्रस्तावित ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर में कुल 12 स्टेशन बनाए जाएंगे. इनमें 5 एलिवेटेड स्टेशन और 7 भूमिगत स्टेशन शामिल होंगे.
वसंतकुंज डिपो का काम भी आगे बढ़ा
फिलहाल एलिवेटेड हिस्से का निर्माण शुरू होने जा रहा है, जबकि भूमिगत सेक्शन के लिए भी जल्द टेंडर जारी किए जाने की तैयारी है. यूपीएमआरसी ने बताया कि वसंतकुंज मेट्रो डिपो के निर्माण के लिए टेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है. डिपो तैयार होने के बाद नए कॉरिडोर के संचालन और रखरखाव में सुविधा होगी. लखनऊ मेट्रो का मौजूदा नेटवर्क शहर के कई हिस्सों को जोड़ चुका है, लेकिन पुराने लखनऊ के कई इलाके अब भी मेट्रो कनेक्टिविटी से वंचित हैं.