लखनऊ एयरपोर्ट पर 10 करोड़ का गांजा जब्त, बैंकॉक से चॉकलेट के पैकेट में छिपाकर लाया था पैसेंजर
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री के पास से करीब ₹10 करोड़ कीमत का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया है. कस्टम विभाग ने यात्री को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.
राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग को बड़ी सफलता मिली है. बैंकॉक से मस्कट होते हुए लखनऊ पहुंचे एक भारतीय यात्री के पास से करोड़ों रुपये की प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद की गई है. ग्रीन चैनल पर संदेह होने के बाद यात्री को रोककर सामान की जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ.
लखनऊ एयरपोर्ट पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट और सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने इस बड़े ड्रग्स तस्करी रैकेट का खुलासा किया है. प्रारंभिक जांच में पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि होने के बाद कस्टम विभाग ने एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही बरामद ड्रग्स को जब्त कर लिया गया है.
चॉकलेट के 13 पैकेट में छिपा रखा था गांजा
जानकारी के मुताबिक, कस्टम अधिकारियों को विशिष्ट सूचना मिलने के बाद बैंकॉक से मस्कट होते हुए उड़ान संख्या WY-265 से लखनऊ पहुंचे एक भारतीय यात्री को ग्रीन चैनल पर रोका गया. यात्री के सामान की एक्स-रे जांच और गहन तलाशी के दौरान उसके ट्रॉली बैग से चॉकलेट के 13 संदिग्ध पैकेट बरामद हुए. जांच में इन पैकेटों में गांजा पाया गया.
यात्री के पास से बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 10.397 किलोग्राम निकला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ 39 लाख रुपये बताई जा रही है. अब जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि यह खेप किस नेटवर्क के जरिए भारत लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं?
NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार, भेजा गया जेल
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को 1 जून को NDPS एक्ट के सेक्शन 43(B) के तहत गिरफ्तार किया. इसके बाद उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया. आरोपी से पूछताछ की जा रही है. साथ ही पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल, मामले की डिटेल्ड जांच चल रही है.