घर में फैक्ट्री, दिल्ली मुंबई तक सप्लाई; यूपी STF ने लखनऊ में किया ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा

उत्तर प्रदेश STF ने लखनऊ में एक बड़े MDMA ड्रग नेटवर्क का खुलासा किया है. दबिश में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए, जिनके पास से 80 लाख रुपये मूल्य की 523 ग्राम MDMA बरामद हुई. आरोपी अपने घर में ही ड्रग्स बनाकर दिल्ली-मुंबई सहित कई शहरों में सप्लाई करते थे. यह 'होम फैक्ट्री' मॉडल वाराणसी से सीखा गया था. STF अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.

यूपी एसटीएफ ने किया ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा

उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बुधवार की सुबह राजधानी लखनऊ के सुल्तानपुर रोड दबिश देकर एक अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा किया है. एसटीएफ ने इस कार्रवाई में दो आरोपियों को अरेस्ट करते हुए उनके पास से 523 ग्राम प्रतिबंधित ड्रग्स MDMA बरामद किया है. खुले बाजार में इस ड्रग्स की अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक जांच में पता चला है कि ये आरोपी अपने घर में खुद ही ड्रग्स तैयार करते थे और दिल्ली-मुंबई समेत कई शहरों में सप्लाई करते थे.

आरोपियों की पहचान खंदारी बाजार लालबाग लखनऊ के रहने वाले मोहम्मद मुजीब पुत्र मोहम्मद अनीस तथा बहुता चक सुरियावां भदोही के रहने वाले मुकेश सिंह पुत्र ननकू सिंह के रूप में हुई है. इनमें अनीस इस नेटवर्क का मास्टर माइंड है. जबकि मुकेश कैरियर और सप्लायर है. एसटीएफ की पूछताछ में मोहम्मद मुजीब ने बताया कि ड्रग्स बनाने के लिए उसने अपने घर में ही लैब खोल रखा था और इसमें प्रतिबंधित कैमिकल्स मिलाकर MDMA तैयार करता था.

सप्लाई करते समय गिरफ्तारी

एसटीएफ के अधिकारियों के मुताबिक इस नेटवर्क के बारे में कई दिनों से सूचना आ रही थी. इस सूचना को ट्रैक करते पुलिस को पता चला कि आरोपी एक टाटा सफारी गाड़ी में ड्रग्स की खेप लेकर सप्लाई के लिए निकले हैं. इस सूचना पर पुलिस ने सुल्तानपुर रोड पर घेराबंदी की और इन्हें धर दबोचा. आरोपियों ने बताया कि ड्रग्स बनाने का तरीका इन लोगों वाराणसी के अभय सिंह से सीखा था. अभय हाल ही में ड्रग्स के साथ मुंबई में अरेस्ट हुआ है. उसके बाद ड्रग्स खुद मुजीब बनाने लगा और अभय सिंह के भाई अनुज के साथ मिलकर सप्लाई करने लगा.

बाकी साथियों की तलाश में जुटी पुलिस

इस ड्रग्स नेटवर्क के दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ की टीम इस नेटवर्क के बाकी साथियों की तलाश में जुट गई है. इसके लिए एसटीएफ ने लखनऊ से वाराणसी तक और दिल्ली से मुंबई तक दबिश तेज कर दी है. एसटीएफ के DSP धर्मेश कुमार शाही के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ गोसाईंगंज थाने में मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच तेज कर दी गई है.

Follow Us