बाराबंकी तक लखनऊ मेट्रो का विस्तार! बनेंगे 10 नए कॉरिडोर, LDA ने सरकार को भेजा प्रस्ताव

लखनऊ मेट्रो का 23 किमी का मौजूदा रूट अब 150 किमी से अधिक के विस्तार के लिए तैयार है. यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने 10 नए कॉरिडोर का प्रस्ताव शासन को भेजा है, जो शहर के कई इलाकों और बाराबंकी को भी जोड़ेंगे. बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए यह महायोजना तैयार की गई है, जिससे यातायात सुगम होगा और कनेक्टिविटी बढ़ेगी.

लखनऊ मेट्रो

लंबे समय से महज 23 किमी के रूट में फंसी लखनऊ मेट्रो के अच्छे दिन आने वाले हैं. अभी तक राजधानी में चौधरी चरण सिंह (CCS) अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से मुंशी पुलिया तक एक ही मेट्रो कॉरिडोर है. लेकिन अब इसके विस्तार की तैयारियां भी शुरू हो गई है. योजना के मुताबिक राजधानी लखनऊ में मेट्रो के 10 नए कॉरिडोर बनाए जा सकते हैं. ये कॉरिडोर कुल 150 किमी से अधिक लंबे होंगे. बड़ी बात यह कि लखनऊ मेट्रो से बाराबंकी तक का सफर संभव हो सकेगा.

यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने शासन को भेजे प्रस्ताव में बताया है कि अभी महज 22.87 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में कुल 21 स्टेशन बनाए गए हैं. इनमें 17 स्टेशन एलिवेटेड हैं और बाकी के 4 स्टेशन अंडरग्राउंड हैं. अब राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक प्रेशर को देखते हुए यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने करीब 10 साल लखनऊ मेट्रो के विस्तार की तैयारी शुरू की गई है. इस संबंध में यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने एक सर्वे भी कराया है.

शासन को भेजी सर्वे रिपोर्ट

इस सर्वे की रिपोर्ट के अधार पर अब मेट्रो नेटवर्क का विस्तार करीब 150 किलोमीटर तक करने का प्रस्ताव रखा गया है. माना जा रहा है कि इसके लिए राजधानी में करीब 10 नए कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे. इससे शहर के ज्यादातर हिस्सों को मेट्रो नेटवर्क से कवर किया जा सकेगा. योजना तो राजधानी से निकलकर बाराबंकी को भी लखनऊ मेट्रो से कनेक्ट करने की है. यूपीएमआरसी ने सर्वे की रिपोर्ट शासन को भेज दी है. इसमें कहा गया है कि जल्द ही इन सभी कॉरिडोर का डीपीआर तैयार करा लिया जाएगा.

यहां पहले आएगी मेट्रो

यूपीएमआरसी की योजना के मुताबिक मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण ट्रैफिक की डिमांड के मुताबिक होगा. मतलब जिस रूट पर ट्रैफिक प्रेशर ज्यादा होगा, संबंधित कॉरिडोर पर मेट्रो पहले आएगी. इसके लिए प्राथमिकता के आधार पर फिजिबिलिटी चेक किया जा रहा है. पाया गया है कि अभी अयोध्या रोड और चारबाग से पीजीआई तक के रूट पर सबसे पहले मेट्रो आ सकती है. इसी प्रकार मौजूदा मेट्रो लाइन को बढ़ाकर अयोध्या रोड स्थित पॉलिटेक्निक चौराहा, कमता चौराहा, मटियारी और अनौराकला होते हुए बाराबंकी तक ले जाने की योजना है.

मेट्रो नेटवर्क में होंगे ये इलाके

योजना के मुताबिक लखनऊ में इकाना स्टेडियम, पीजीआई और राजाजीपुरम जैसे इलाके मेट्रो नेटवर्क से जुड़ेंगे. इसी प्रकार तेलीबाग,राजाजीपुरम, आईआईएम रोड और आसपास के इलाकों भी मेट्रो विस्तार के दायरे में आ जाएंगे. योजना के मुताबिक हर मेट्रो स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था के अलावा ई-साइकिल, ई-बाइक और अन्य ई-व्हीकल संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे.

Follow Us