UP में कब होगी बारिश? मौसम विभाग ने बता दी वो तारीख, जानें आज का मानसून अपडेट
उत्तर प्रदेश में मानसून जल्द दस्तक दे सकता है. इससे यूपी वासियों को भीषण गर्मी से राहत मिल जाएगी. मौसम विभाग के अनुसार, मानसून गुरुवार रात या शुक्रवार की सुबह तक यूपी में प्रवेश कर सकता है, और शनिवार तक पूरे प्रदेश में बारिश शुरू होने की उम्मीद है. सोनभद्र से एंट्री लेकर यह मानसून पूर्वांचल और मध्य यूपी को कवर करेगा. हालांकि, हल्की बारिश से उमस बढ़ सकती है और अलनीनो का खतरा भी बना हुआ है.
भीषण गर्मी से तप रहे उत्तर प्रदेश को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है. भारतीय मौसम विभाग ने मानसून को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. इसमें कहा गया है कि बिहार-बंगाल की सीमा पारकर मानसून बहुत जल्दी उत्तर प्रदेश की सीमा में दस्तक देने वाला है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक इस समय मानसून पूरे बिहार में एक्टिव है और गुरुवार की रात या शुक्रवार की सुबह तक यूपी पहुंच जाएगा. इसके बाद शनिवार तक पूरे प्रदेश में मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी.
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री सोनभद्र जिले से हो सकती है. पहले ही दिन मानूसन पूरे पूर्वांचल को कवर कर सकता है. वहीं अगले ही दिन पूर्वांचल के साथ ही मध्य यूपी में भी मानसून की बारिश होने लगेगी. हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून की बारिश के लिए अभी इंतजार करना होगा. हालांकि यूपी में मानसून की एंट्री के साथ ही पूरे प्रदेश को भीषण गर्मी से राहत मिल जाएगी. नम हवाओं के प्रभाव से तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावना है.
परेशान करती रहेगी उमस
मौसम विभाग के मुताबिक अभी मानसून बिहार में एक्टिव है. यहां से यूपी की ओर तेजी से बढ़ने भी लगा है. यदि यही रफ्तार बनी रही तो 25-26 जून को आधे से अधिक यूपी में मानसूनी बारिश शुरू हो जाएगी. मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में मानसून के एक्टिव होने के बावजूद बहुत अच्छी बारिश नहीं हो रही है. ऐसी ही बारिश का प्रभाव यूपी में भी होने की संभावना है. बारिश कम होने और वातावरण में नमी बने रहने की दशा में उमस बढ़ सकती है. इससे लोगों को एक नई परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
बना हुआ है अलनीनो का खतरा
मानसून पर अलनीनो का खतरा बना हुआ है. इससे इस सीजन में बारिश कम होने का अंदेशा है. इस खतरे से किसान भी सहमे हुए हैं. हालांकि ताजा परिस्थितियों को देखते हुए मौसम वैज्ञानिकों को काफी उम्मीदें हैं. मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक 25 या 26 जून तक यूपी में मानसून की बारिश शुरू हो सकती है. उन्होंने बताया कि बिहार में अभी बारिश की स्थिति सकारात्मक है, ऐसी ही बारिश की उम्मीद यूपी में भी की जा रही है.
