33 जिलों में हल्की बारिश, UP में थम गई मानसून की रफ्तार; उमस भरी गर्मी देने लगी टेंशन
उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार थम गई है, जिससे उमस भरी गर्मी बढ़ गई है. मौसम विभाग ने 33 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है, लेकिन पश्चिमी हवाओं के कारण मानसून के बादल छंट रहे हैं. औसत से 22% कम बारिश दर्ज हुई है, और अगले हफ्ते पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना कम है.
उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार थम गई है. मौसम विभाग ने आज बुधवार के लिए कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट तो जारी किया है, लेकिन यह बारिश महज बूंदाबांदी तक सीमित रहेगी. बल्कि इस बारिश के बाद तापमान बढ़ने के आसार हैं. चूंकि आद्रता भी बढ़ेगी, इसलिए उमस ज्यादा हो सकती है. भारतीय मौसम विभाग ने संभावित परिस्थिति को लेकर प्रदेश वासियों के लिए एडवाइजरी जारी की है.
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक मंगलवार को नोएडा-गाजिाबाद समेत यूपी के 11 जिलों में बारिश का मौसम तो बना था, लेकिन महज 1.5 मिमी ही बारिश हुई. मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले एक हफ्ते तक बारिश नहीं होगी. वहीं पूर्वांचल के जिलों में 18 जुलाई के बाद बारिश का मौसम बन सकता है. बता दें कि उत्तर प्रदेश में बीते 15 दिनों के अंदर सिर्फ 163.1 मिमी बारिश हुई है. बारिश का यह आंकड़ा औसत से 22 फीसदी कम है.
पछुआ हवाओं ने मानसून पर लगाया ब्रेक
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में इस समय पछुआ हवाओं का जोर है. ये पछुआ हवाएं पाकिस्तान से आ रही हैं. इसकी वजह से 80 प्रतिशत से अधिक बारिश वाले बादल गायब हो गए हैं. मंगलवार को राजधानी लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद समेत अन्य सभी जिलों में चटखदार धूप निकली थी, फिर शाम को बादल भी छाए, लगा कि बारिश होगी, लेकिन पछुआ हवा चलने की वजह से ये बादल बिन बरसे ही हवा में उड़ गए. हालांकि इस दौरान कई जगह हल्की बारिश भी हुई है.
जानें आज का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी लखनऊ में आज मौसम साफ रहेगा. शाम को हल्की बारिश हो सकती है. बनारस और प्रयागराज के अलावा नोएडा-गाजियाबाद में भी शाम को मौसम बदल सकता है. हालांकि इस दौरान उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक यह स्थिति मानसून ट्रफ के हिमालय की तलहटी की ओर खिसकने और सूखी हवाओं के चलने की वजह से बनी है.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज बुधवार को 33 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें बिजनौर, मुरादाबाद, सहारनपुर, रामपुर, अमरोहा, संभल, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, बहराइच, सीतापुर, श्रावस्ती, हरदोई आदि जिले शामिल हैं. इनके अलावा आज फर्रुखाबाद, कन्नौज, कासगंज, फिरोजाबाद, मैनपुरी, आगरा, इटावा, प्रयाराज, औरैया, संत रविदासनगर, मिर्जापुर, वाराणसी, सौनभद्र, चंदौली, बलिया और गाजीपुर आदि जिलों में बारिश के आसार हैं.
