मुनव्वर राना की छोटी बेटी ने दर्ज कराया तीन तलाक का केस, बड़ी बोली- ये कब हुआ?

मशहूर शायर मुनव्वर राना की छोटी बेटी हिबा राना ने पति व ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का केस दर्ज कराया है. हिबा के अनुसार, पति ने मारपीट कर उन्हें तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया है. वहीं, उनकी बड़ी बेटी ऊरूषा राना ने इसे पारिवारिक विवाद बताते हुए तीन तलाक की बात से अनभिज्ञता जताई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना Image Credit:

देश के मशहूर शायर मुनव्वर राना के घर में सबकुछ ठीक नहीं है. उनकी छोटी बेटी ने मंगलवार को अपने पति और अन्य ससुरालियों के खिलाफ तीन तलाक की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराया है. आरोप लगाया है कि शादी के बाद से उसके शौहर दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहे थे और दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया है. उधर, उनकी बड़ी बेटी ऊरूषा राना ने इस पूरे प्रकरण से अनभिज्ञता प्रकट की. ऊरूषा राना ने माना तो कि छोटी बहन हिबा राना के घर में विवाद है, लेकिन कोर्ट इस पर अपना फैसला दे चुकी है.

उन्होंने कहा कि इसमें तीन तलाक का मामला कब आया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है. फिलहाल लखनऊ की शआदतगंज थाने की पुलिस ने हिबा राना की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक इस मामले में दोनों पक्षों के बयान के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी. थाना प्रभारी के मुताबिक मंगलवार को थाने पहुंची हिबा राना ने अपने पति, ससुर एवं अन्य ससुरालियों पर दहेज मांगने, दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और फिर तीन बार तलाक-तलाक बोलकर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है.

बड़ी बहन ने दिया विवाद में नया एंगल

ऊरूषा राना ने इस पूरे विवाद में नया एंगल दे दिया है. उन्होंने कहा कि उनके बहन के घर में चल रहा विवाद पारिवारिक विवाद है. उन्हें इसकी पूरी जानकारी है और यह मामला कोर्ट में लंबित है. उन्होंने कहा कि उनकी बहन की शादी साल 2013 में हुई थी. लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं है कि उसे उसके शौहर ने तीन तलाक दिया है. उन्होंने कहा कि इस मामले में सभी को कोर्ट के फैसले का सम्मान करना चाहिए.

क्या है हिबा की तहरीर में?

हिबा राना ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि उसकी शादी 19 दिसंबर 2013 को सकीरये हाउस, करीमगंज, लखनऊ निवासी सैय्यद मोहम्मद साकिब के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल में उसे प्रताड़ित किया जा रहा था. दहेज में 20 लाख रुपये नगद और एक फ्लैट की मांग की गई, जब यह मांग पूरी नहीं हुई तो उनके साथ मारपीट की गई. यहां तक कि कई बार उनकी जान लेने की भी कोशिशें हुई.

छोटी बहन के सामने दिया तीन तलाक

हिबा राना के मुताबिक 9 अप्रैल 2025 को ससुराल में उसके साथ मारपीट हुई. इसकी खबर सुनकर उनकी बहन आर्शिया राना मिलने आई तो उसे देखते ही शौहर साकिब एकदम से बेकाबू हो गया और मारपीट करते हुए तीन बार तलाक-तलाक बोला और उन्हें घर से बाहर कर दिया. पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने यह वारदात उनके दोनों बच्चों को एक कमरे में बंद करने के बाद अंजाम दिया. लखनऊ पुलिस का कहना है कि मामला गंभीर है, हिबा के बयानों का सत्यापन किया जा रहा है.