PM की अपील का UP में दिखने लगा असर; मंत्रियों ने लौटाई सरकारी एस्कॉर्ट, CM की फ्लीट हुई छोटी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपील के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और अफसरों का काफिला 50% घटाने का ऐलान किया. जनप्रतिनिधियों को हफ्ते में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट से चलने का निर्देश भी दिया है. इस बीच योगी सरकार में मंत्री दिनेश खटीक और कपिल देव अग्रवाल ने अपनी सरकारी एस्कॉर्ट की गाड़ियां वापस कर दी है.
पीएम नरेंद्र मोदी के आहवान पर तेल की खपत को कम करने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े नेताओं ने अपनी एस्कॉर्ट गाड़ियां लौटा दी हैं. इसमें यूपी सरकार में राज्यमंत्री दिनेश खटीक, स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बलियान शामिल हैं. इन्होंने सबसे पहले पीएम मोदी की अपील के बाद ये फैसला लिया है.
बाइक से करेंगे जिले का भ्रमण
मंत्री दिनेश खटीक ने सुबह ही सम्बन्धित अधिकारियों को इसकी सूचना प्रदान की है. दिनेश खटीक ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के आहवान के बाद ये फैसला लिया है. देश हित में अपना योगदान दिया है. अपनी फ्लीट को वापस कर दिया है. उन्होंने बताया कि जिले के भ्रमण के लिए एक गाड़ी यदि ईवी हुई तो वो या दो पहिया वाहन का उपयोग करेंगे.
कपिल देव अग्रवाल ने नमो भारत रैपिड रेल का किया इस्तेमाल
मंत्री दिनेश खटीक ने आगे कहा कि जिले के बाहर जाने के लिए ट्रेन का उपयोग करेंगे. इससे पहले कपिल देव अग्रवाल ने दिल्ली जाते हुए नमो भारत रैपिड रेल का उपयोग करते हुए अपनी वीडियो सोशल मीडिया पर भी पोस्ट की थी. बता दें दोनों ने पीएम मोदी की अपील के बाद ये फैसला लिया है.
पीएम मोदी ने की थी ये अपील
ईरान-इजराइल युद्ध के चलते पैदा हुए ऊर्जा संकट और आर्थिक चुनौतियों के बीच पीएम मोदी ने 10 और 11 मई को लोगों से खास अपील की थी. उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के संयमित उपयोग, अनावश्यक विदेश यात्रा कम करने, सोने की खरीदारी पर ब्रेक लगाने और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की सलाह दी थी.
CM की फ्लीट हुई छोटी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपील के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने आवास पर अधिकारियों की बैठक के बाद कई बड़े फैसले लिए. मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और अफसरों का काफिला 50% घटाने का ऐलान किया. जनप्रतिनिधियों को हफ्ते में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट से चलने का निर्देश दिया.
सीएम योगी ने दिए ये निर्देश
सीएम योगी ने सभी सरकारी बैठकें, सेमिनार, कॉन्फ्रेंस, वर्कशॉप वर्चुअल तौर पर कराने की सलाह दी है. राज्य सचिवालय की भी 50% बैठकें वर्चुअल करने का निर्देश दिया. इसके अलावा जिन कंपनियों में बड़ी संख्या में कर्मचारी हैं, उन्हें सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम के लिए राज्य स्तर पर एडवाइजरी जारी करने का निर्देश दिया. उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल और बिजली बचाने और सजावटी लाइटें कम जलाने और बेवजह सोना खरीदने से बचने को कहा है.