लखनऊ पुलिस को मिला एक और अनोखा काम, बिजली के खंभों से हटा रहे चाइनीज मांझा

लखनऊ पुलिस को अब चाइनीज मांझे हटाने का काम मिला है. पुलिस इसके खिलाफ विशेष अभियान चला रही है. जगह-जगह पर बिजली के खंभों से खतरनाक मांझा हटाया जा रहा है. पुलिसकर्मियों का खंभों से मांझा हटाते वीडियो वायरल है. मुख्यमंत्री योगी ने मांझे से हुई मौतों को 'हत्या' करार दिया है.

लखनऊ पुलिस का चाइनीज मांझा अभियान

लखनऊ पुलिस को अब एक और अनोखा काम मिला है. पुलिस सड़कों पर लगे बिजली के खंभों से चाइनीज मांझा हटा रहे हैं. पुलिस का खंभों से मांझा छुड़ाते वीडियो भी वायरल है. लखनऊ में चाइनीज मांझे से बढ़ते खतरों के मद्देनजर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है. इसके कारण कई लोगों की मौत हो चुकी है. पुलिस ने मामले में कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए थे. उन्होंने ‘योगी की पाती’ के माध्यम से बच्चों को चाइनीज मांझे से दूर रहने की भी अपील की है, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके. साथ ही सभी थाना प्रभारियों और डीपी को मांझे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश हैं. चाइनीस मांझा बेचने वालों पर कार्रवाई हो रही है.

अब तक 4 की मौत, CM बोले- हादसा नहीं हत्या

बीते तीन दिनों में चाइनीज मांझे से चार लोगों की दर्दनाक मौत हुई है. हैदरगंज में मांझे से गला कटने के कारण शोएब नाम के युवक की मौत हो गई थी. बिजली विभाग के कर्मचारी सुधीर की गर्दन में मांझा फंस गया था. गोमतीनगर विस्तार में रिटार्यर्ड जवान बृजेश राय के गाल और होंठ कट गए थे. इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी यही हाल देखने को मिला

मुख्यमंत्री योगी ने कहा था कि चाइनीज मांझे से होने वाली मौत हादसा नहीं, बल्कि हत्या है. उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि अगर चाइनीज मांझे से किसी की मौत होती है तो इसका जिम्मेदार केवल पुलिस प्रशासन को माना जाएगा. वहीं, सीएम के आदेशों का बखूबी असर दिखने लगा है, पुलिस चौकन्ना है, चाइनीज मांझे को बिजली के खंभे से भी हटाया जा रहा है.

व्यापारियों, ऑनलाइन सेल और गोदामों पर एक्शन

बिजली के खंभों से पुलिस का चायनीज़ मांझा छुड़ाते वीडियो वायरल है. पुलिस चायनीज़ मांझे के शिकार से लोगों को बचाने के लिए जगह-जगह मांझा छुड़ा रही है. कुछ पुलिसकर्मियों को बाजारखाला थाना क्षेत्र में बिजली के खंभों से मांझा छुड़ाते देखा गया. इसके अलावा, चायनीज़ मांझा बेचने वाले व्यापारियों, ऑनलाइन सप्लायर से लेकर गोदामों पर कार्रवाई तेज है.

मुख्यमंत्री ने बच्चों के लिए लिखी ‘योगी की पाती’

सीएम योगी ने प्रदेश के बच्चों के लिए चाइनीज मांझे से सतर्क रहने के लिए ‘योगी की पाती’ लिखी है. इसमें चाइनीज मांझे और मोबाइल के प्रति बच्चों की लत पर चिंता जताई. साथ ही कहा कि पतंग से प्रेम ठीक, लेकिन चाइनीज मांझे से दूरी बनाए. चाइनीज मांझा दिखने तो परिजनों के जरिए पुलिस को सूचना देने की अपील की.

साथ ही बताया कि बच्चों को मोबाइल की जगह किताबों से दोस्ती करने और परिवार के साथ समय बिताने की भी सलाह दी. उन्होंने कहा कि मोबाइल बच्चों का कीमती समय चुरा लेता है. मोबाइल गेम और रील कई घंटे बर्बाद करते है, इससे आंखें भी कमजोर होती है. इसके अलावा सीएम योगी ने बोर्ड परीक्षा के लिए छात्रों को शुभकामनाएं भी दीं.