6 महीने में 24 एनकाउंटर, पश्चिमी UP में ही मारे गए 13 क्रिमिनल… यूपी पुलिस ने किसको-किसको ठोंका?

योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन' बदस्तूर जारी है. इस ऑपरेशन के तहत उत्तर प्रदेश की पुलिस ने बीते छह महीनों में ही 24 कुख्यात बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया है. इनमें से 13 बदमाश अकेले पश्चिमी उत्तर प्रदेश से थे, जबकि शेष बुंदेलखंड और पूर्वी यूपी में ढेर हुए हैं.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश में कानून का राज कायम करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में शुरू ऑपरेशन क्लीन बदस्तूर जारी है. इस ऑपरेशन के तहत उत्तर प्रदेश की पुलिस ने बीते छह महीने में 24 बदमाशों को मार गिराया है. इनमें 13 कुख्यात बदमाश अकेले पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हैं. वहीं शेष 11 बदमाश बुंदेलखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मारे गए हैं. आइए, देखते हैं कि यूपी पुलिस किस बदमाश को कहां ठोंका है.

शुरूआत एक समय में क्राइम की दृष्टि से सबसे हॉट जिला रहे उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से करते हैं. यहां की पुलिस पिछले साल 28 सितंबर को कुख्यात बदमाश नईम कुरैशी को पकड़ने गई थी. इस दौरान आमने सामने की फायरिंग हुई और पुलिस ने नईम को मार गिराया. एक हफ्ते के अंदर ही मुजफ्फरनगर पुलिस ने कुख्यात बदमाश मेहताब को भी एनकाउंटर में ढेर कर दिया. यह एनकाउंटर 3 अक्टूबर को हुआ था.

अक्टूबर-25 में खूब हुए एनकाउंटर

उन्हीं दिनों फिरोजाबाद पुलिस ने काफी समय से सिरदर्द बने नरेश पंडित का एनकाउंटर किया. 5 अक्टूबर 2025 को फिरोजाबाद पुलिस नरेश पंडित का शव लेकर जा ही रही थी कि सहारनपुर की पुलिस ने उसी दिन कुख्यात बदमाश इमरान का एनकाउंटर कर दिया. वहीं इसके चार दिन बाद बरेली पुलिस ने कुख्यात डकैत शैतान को मार गिराया. फिर 12 अक्टूबर को लखनऊ पुलिस ने एक लाख के इनामी बदमाश गुरू सेवक तो 13 अक्टूबर को मेरठ पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश शहजाद उर्फ निक्की को मार गिराया.

अक्टूबर में ही मारे गए नफीस-फैसल

पिछले साल अक्टूबर महीने में शामली का कुख्यात अपराधी और एक लाख का इनामी बदमाश मोहम्मद नफीस भी मारा गया था. इसका एनकाउंटर 18 अक्टूबर को हुआ था. वहीं 23 अक्टूबर को शामली पुलिस ने एक लाख के इनामी बदमाश फैसल को भी एनकाउंटर में मार गिराया. शामली में ताबड़तोड़ हुए इन दोनों एनकाउंटर के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बदमाशों में दहशत फैल गई थी.

दिसंबर में मारे गए 4 बदमाश

उत्तर प्रदेश पुलिस ने पिछले साल दिसंबर में भी 4 बदमाशों को मार गिराया. इनमें से शामली में बावरिया गिरोह के सरगना मिथुन का एनकाउंटर 2 दिसंबर को हुआ था. वहीं 10 दिन बाद शामली पुलिस ने ही 50 हजार के इनामी बदमाश समयदीन उर्फ सामा को मार गिराया था. फिर 21 दिसंबर को सहारनपुर पुलिस और यूपी एसटीएफ ने कुख्यात बदमाश सिराज को ढेर किया. उसी दिन बुलंदशहर में पुलिस ने जुबैर को मार गिराया.

इस साल भी हो गए 8 एनकाउंटर

यूपी पुलिस ने चालू वर्ष में भी अब तक 8 बदमाशों को मौत की नींद सुला दी है. इसकी शुरूआत 5 जनवरी को सुल्तानपुर में एक लाख के इनामी तालिब उर्फ आजम के एनकाउंटर से हुई. इसके बाद 23 जनवरी को चित्रकूट में कल्लू, 3 फरवरी को वाराणसी में सुपारी किलर बनारसी यादव, 12 फरवरी को मुजफ्फरनगर में 50 हजार का इनामी अमजद, एक मार्च को गाजियाबाद में जशीन तो तीन मार्च को गाजियाबाद में ही जीशान का भाई गुलफाम मारा गया था. वहीं 17 मार्च को बरेली पुलिस ने अफसर उर्फ बौरा को तो 18 मार्च को सहारनपुर में एक लाख के इनामी बदमाश शहजाद को ढेर कर दिया है.

Follow Us