नींद का झोंका या शराब का नशा… पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कैसे पलटी डबल डेकर और बिछ गईं 5 लाशें, चश्मदीद ने बताया मंजर
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या ड्राइवर को नींद का झोंका आया था या वह शराब के नशे में था? चश्मदीदों के मुताबिक, बस लहराते हुए डिवाइडर से टकराई और पलट गई. इस दर्दनाक दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हुए. ड्राइवर और सहायक मौके से फरार हो गए, जिससे हादसे की वजह पर गहरा संदेह पैदा हो रहा है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार की शाम हुए हादसे के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं. पहला सवाल तो यही है कि हादसे की वजह क्या है? कोई कह रहा कि ड्राइवर को नींद की झपकी आई थी तो कोई कह रहा कि ड्राइवर शराब के नशे में था. वहीं हादसे के वक्त मौके पर मौजूद चश्मदीद अलग ही कहानी बयां कर रहे हैं. चश्मदीदों का कहना है कि बस लहराते हुए चल रही थी और अचानक से डिवाइडर से टकराकर खाई में पलट गई.
बस में सवार बिहार में बेतिया के रहने वाले यात्री चंद्रदेव ने बताया कि लखनऊ तक बस ठीक आई. यहां से आगे निकलने के बाद ड्राइवर ऐसे गाड़ी चला रहा था, मानो वह नशे में हो. एक अन्य यात्री ने बताया कि एक ही ड्राइवर लगातार गाड़ी चलाते हुए आ रहा था. इसकी वजह से उसे नींद की झपकी आ गई और नींद की वजह से ही गाड़ी अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हो गया. इस यात्री के मुताबिक अचानक से झटका लगा. जबतक बस में सवार यात्री कुछ समझ पाते, बस पलटी खा चुकी थी.
चश्मदीद ने बताया आंखोंदेखी
हादसे वाले स्थान पर स्थानीय निवासी अंश पटेल मौजूद थे. उन्होंने बताया कि बस लखनऊ की ओर से पूरी रफ्तार में आ रही थी. अचानक यह बस सांप की तरह लहराने लगी और इसी हालत में करीब एक किमी तक चली. इसके बाद उनकी नजरों के सामने ही बस पलटी खा गई. इससे चीख पुकार मच गई और बस में सवार यात्रियों का सामान सड़क पर बिखर गया. उन्होंने ही पुलिस को फोन किया. इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू हो सका. चश्मदीद के मुताबिक इतने में बस के ड्राइवर और सहायक मौका देखकर फरार हो गए.
डरावना था हादसे के बाद का मंजर
चश्मदीद और बस में सवार यात्रियों के मुताबिक बहुत भीषण हादसा था. हादसे के बाद बस में फंसे यात्री चीख पुकार कर रहे थे. कोई बस के नीचे दबा था तो कोई बस की सीटों के बीच फंसा था. कुछ लोग बस की खिड़कियों से बाहर निकलने के लिए जूझ रहे थे. यात्रियों का सामान और खून पूरी सड़क पर फैला पड़ा था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहा है. हादसे के बाद जिंदा बच निकले यात्रियों के चेहरे पर डर साफ झलक रहा था. उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा था कि वो जिंदा हैं.
पांच लोगों की हुई है मौत
पुलिस के मुताबिक इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि 8 लोगों की हालत नाजुक हैं. इन्हें केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. इसी प्रकार 30 से अधिक अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं. जिन्हें स्थानीय सीएचसी में ही प्राथमिक उपचार दिया गया. इनमें से कुछ लोगों को सीएचसी में भर्ती भी किया गया है. पुलिस के मुताबिक हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है. सभी मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है.