रायबरेली जा रहे राहुल गांधी की फ्लाइट में हादसा! दूसरी बार हुई सुरक्षित लैंडिंग
राहुल गांधी की दिल्ली से लखनऊ आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में अमौसी एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई. पायलट की सूझबूझ से विमान को दोबारा ऊपर उठाया गया और दूसरे प्रयास में सुरक्षित लैंड कराया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. इस घटना से लखनऊ एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया था. राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली जा रहे थे.
दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे लोकसभा में विपक्ष के नेता के साथ एक बड़ा हादसा टल गया. लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड होने से ठीक पहले उनकी फ्लाइट में कोई तकनीकी दिक्कत आ गई. गनीमत रही कि पायलट ने सूझबूझ से काम लेते हुए गो-अराउंड किया और फिर दूसरे प्रयास में फ्लाइट को सुरक्षित लैंड कराया. लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने के बाद राहुल गांधी सड़क मार्ग से रायबरेली के लिए रवाना हो गए.
जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी का दो दिवसीय रायबरेली दौरा पहले से प्रस्तावित था. इसके लिए वह दिल्ली से लखनऊ के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 में सवार होकर लखनऊ पहुंचे. अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड होने से ठीक पहले फ्लाइट में आई किसी तकनीकी दिक्कत की वजह से फ्लाइट को अबॉर्ट करना पड़ा. चूंकि इस फ्लाइट में राहुल गांधी समेत कई अन्य यात्री सवार थे, इसलिए एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया.
शाम साढ़े बजे की है घटना
यह घटना मंगलवार की शाम करीब साढ़े तीन बजे की है. राहुल गांधी ने दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर दिल्ली से उड़ान भरी थी. उन्हें 3 बजकर 30 मिनट पर लखनऊ पहुंचना था. उनकी फ्लाइट अपने समय से लखनऊ पहुंच भी गई और लैंडिंग के बिल्कुल करीब थी, तभी अचानक प्लेन में तेज झटका लगा और जहाज दोबारा ऊपर उठने लगा. इससे प्ल्ेन में सवार इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.
पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
बताया जा रहा है कि ऐसे मुश्किल वक्त में फ्लाइट के पायलट ने सूझबूझ का परिचय दिया और विमान के ऊपर उठने दिया. इसके बाद गो-अराउंड किया और फिर कुछ देर के बाद लैंडिंग का दूसरा प्रयास किया. इस बार फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग हो गई. इससे प्लेन में सवार यात्रियों और क्रू मेंबर ने राहत की सांस ली. वहीं चूंकि इस घटना से एयरपोर्ट अथॉरिटी में भी हड़कंप मच गया था. ऐसे में फ्लाइट की सफल लैंडिंग से अथॉरिटी के अधिकारियों को भी राहत मिली.