लखनऊ: रेलवे अस्पताल में भीषण आग, CCU में फंसे 12 मरीजों का मुश्किल से हुआ रेस्क्यू; मचा हड़कंप

लखनऊ के रेलवे अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई. फायर ब्रिगेड ने तत्परता दिखाते हुए CCU में भर्ती सभी 12 गंभीर मरीजों को सकुशल बाहर निकाला. यह आग भूतल के सर्वर रूम से शुरू होकर ग्राउंड फ्लोर में फैल गई थी. करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है.

रेलवे अस्पताल Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आलमबाग स्थित रेलवे अस्पताल में सोमवार की रात भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें आसमान छूने लगी. सूचना मिलते ही हरकत में आए फायर ब्रिगेड की टीम ने अस्पताल के सीसीयू में फंसे 12 मरीजों को रेस्क्यू किया. इसके बाद करीब घंटे भर की मस्सकत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को काबू करते हुए ढाई से तीन घंटे में पूरी तरह बुझा दिया. इस आग की वजह फिलहाल शार्ट सर्किट बताई जा रही है.

मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के मुताबिक बिजली की लाइन में शॉर्ट सर्किट से निकली चिनगारी पहले भूतल के सर्वर रूम में आग धधक गई. इसके बाद देखते ही देखते यह आग पूरे ग्राउंड फ्लोर में फैल गई. उस समय अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में 12 मरीज भर्ती थे. वहीं अन्य वार्डों में भी काफी मरीज भर्ती थे. इन सभी वार्डों में धुआं भरने की वजह से मरीजों का दम घुटने लगा. कुछ लोग तो खुद ही भागकर बाहर आ गए, लेकिन सीसीयू में भर्ती मरीज बुरी तरह आग की लपटों में घिर गए थे.

बड़ी मुश्किल से रेस्क्यू हुए मरीज

आग लगने की वजह से मची अफरातफरी के बीच फायर ब्रिगेड की टीम ने डॉक्टरों-नर्सों के साथ मिलकर सभी मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर पर रखकर बाहर निकाला और दूसरे सुरक्षित वार्डों में पहंचाया. इसके बाद टीम ने दमकल की तीन गाड़ियों की मदद से करीब घंटे भर की मस्सकत के बाद आग को काबू कर लिया. फायर ब्रिगेड के मुताबिक इस हादसे में कोई जन हानि नहीं होने पायी है. अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक यह घटना सोमवार तड़के करीब 5 बजे की है.

नुकसान का आंकलन शुरू

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक यह सबकुछ अचानक हुआ. आग की चपेट में आकर पूरा सर्वर रूम और वायरिंग के साथ सीसीटीवी व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों जल गए हैं. इसके अलावा भी काफी नुकसान हुआ है. अब आग बुझने के बाद नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक इस आग का ज्यादा असर CCU वार्ड पर पड़ा है. गनीमत रही कि यहां ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती सभी 12 मरीजों को सफलता पूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया.

Follow Us