अप्रैल में ही मौसम का अगस्त सा मिजाज… UP में बारिश-आंधी का तांडव, 8 डिग्री तक गिरेगा पारा; CM योगी बोले- किसानों की होगी हर संभव मदद

अगले 48 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है.इस दौरान प्रदेश के अधिकांश शहरों में आंधी-बारिश और तूफान का तांडव दिख सकता है. किसानों को इस असमय बारिश से बेहद नुकसान हुआ है. ऐसे में सीएम योगी ने अधिकारियों को पीड़ित किसानों को हर संभव मदद देने का निर्देश दिया है.

उत्तर प्रदेश में कहां पर बारिश? Image Credit: PTI

उत्तर प्रदेश में अप्रैल का मौसम अगस्त की याद दिला रहा है. मंगलवार से शुरू हुई बारिश का सिलसिला बुधवार को पूरे प्रदेश में तेज हो गया है. लखनऊ समेत कई शहरों में सुबह से लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक यह सिलसिला बुधवार यानी आज भी जारी रहने की संभावना है.नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरू हुआ यह मौसमी बदलाव धीरे-धीरे पूर्वी जिलों की ओर बढ़ रहा है.

अगले 48 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव खत्म होने के बाद तापमान में फिर उतनी ही तेजी से बढ़ोतरी होने का अनुमान है. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूरे प्रदेश में आंधी-पानी का दौर चलेगा. यह बदलाव पश्चिम से शुरू होकर पूर्व की ओर बढ़ेगा.

यूपी में बारिश-आंधी का तांडव

मौसम विभाग ने कई जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा और आसपास के क्षेत्रों में ओले गिरने की संभावना है. 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट इन जिलों के लिए जारी किया गया है. गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन में भी हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है.

8 डिग्री तक गिरेगा पारा

हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर.मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका कई जिलों में बनी हुई है, जिनमें लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी समेत 30 से ज्यादा जिले शामिल हैं. इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी.

CM योगी बोले- किसानों को हर संभव मदद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौसम की इस विपरीत स्थिति पर चिंता जताई है. उन्होंने कह कि प्रदेश में असमय बारिश से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है. सरकार उनके साथ खड़ी है. सीएम ने मंगलवार को ही जिलाधिकारियों से रिपोर्ट मांगी और उन्हों स्वयं किसानों के खेतों में पहुंचने का निर्देश दिया. फसलों के नुकसान का तत्काल संयुक्त सर्वे राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनी कराने को भी कहा गया है. मुआवजा शीघ्र और समयबद्ध तरीके से वितरित करने का भी निर्देश दिया. साथ ही जनहानि, पशुहानि या घायलों को भी निर्धारित समय में मुआवजा सुनिश्चित करने को कहा है.

Follow Us