राम मंदिर को मिलेगा पहला CEO, 18 जुलाई तक मांगे गए आवेदन; कैसे करें अप्लाई?
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पहली बार राम मंदिर के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक उम्मीदवार 18 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. चयनित CEO की नियुक्ति तीन वर्ष के अनुबंध पर होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर बढ़ाया जा सकता है. उम्मीदवार के पास वरिष्ठ प्रबंधन में कम से कम 20 वर्ष का अनुभव होना चाहिए.
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए पहली बार मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है. ट्रस्ट ने आधिकारिक रूप से आवेदन आमंत्रित किए हैं और इच्छुक उम्मीदवार 18 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. यह नियुक्ति तीन वर्ष के अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) पर होगी, जिसे कार्य संतोषजनक रहने पर आगे बढ़ाया भी जा सकता है.
यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब हाल के दिनों में चढ़ावा चोरी के कथित मामले के बाद ट्रस्ट ने प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं पेशेवर बनाने के लिए कई बड़े निर्णय लिए हैं. ट्रस्ट की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. इसके बाद चयन समिति प्राप्त आवेदनों की जांच करेगी और योग्य उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेकर अंतिम चयन करेगी.
तीन साल का होगा कार्यकाल
CEO की नियुक्ति प्रारंभिक तौर पर तीन वर्ष के लिए होगी. अगर कार्य प्रदर्शन संतोषजनक पाया गया तो कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है. चयनित CEO ट्रस्ट के प्रशासनिक, वित्तीय और संस्थागत संचालन की सर्वोच्च कार्यकारी जिम्मेदारी संभालेंगे तथा कार्यकारी महासचिव को रिपोर्ट करेंगे.
कौन कर सकता है आवेदन?
ट्रस्ट द्वारा निर्धारित पात्रता के अनुसार उम्मीदवार में ये योग्यताएं होनी चाहिए—
- आयु लगभग 50 से 70 वर्ष के बीच और हिंदू धर्म का अनुयायी, राम भक्त होना अनिवार्य शर्त है
- किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या उससे उच्च शैक्षणिक योग्यता
- बड़े संस्थान, प्रशासन, कॉर्पोरेट, सेना, सार्वजनिक क्षेत्र या समान संगठन में कम से कम 20 वर्ष का वरिष्ठ प्रबंधन अनुभव
- प्रशासनिक, वित्तीय और संस्थागत प्रबंधन का अनुभव
- धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं के संचालन की समझ को वरीयता दी जाएगी
क्या होंगी CEO की जिम्मेदारियां?
राम मंदिर के CEO मंदिर और ट्रस्ट के संपूर्ण प्रशासनिक संचालन के प्रमुख होंगे. उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल होंगे- ट्रस्ट का प्रशासनिक प्रबंधन, वित्तीय व्यवस्था और संस्थागत प्रक्रियाओं को मजबूत करना, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, कर्मचारियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, संचालन प्रणाली, प्रक्रियाओं और कार्यप्रणाली को विकसित करना, ट्रस्ट की नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन.
तीन सदस्यीय समिति करेगी चयन
CEO के चयन के लिए पहले ही तीन सदस्यीय चयन समिति गठित की जा चुकी है. यही समिति सभी आवेदनों की जांच करेगी और साक्षात्कार के बाद उपयुक्त उम्मीदवार का चयन करेगी.