राम मंदिर चढ़ावा चोरी: किस आरोपी के पास से क्या बरामद हुआ? देखें पूरी लिस्ट

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस दस्तावेजों के अनुसार गिरफ्तार आठ आरोपियों में से सात के पास से करीब 79.85 लाख रुपये नकद, अमेरिकी डॉलर, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान बरामद किया गया है. सबसे अधिक बरामदगी अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय और अनुकल्प मिश्रा के पास से होने का दावा है.

राम मंदिर Image Credit: फाइल फोटो

राम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं. अब पुलिस दस्तावेजों के हवाले से सामने आई जानकारी ने पूरे प्रकरण को और गंभीर बना दिया है. रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तार आठ आरोपियों में से सात के कब्जे से करीब 79.85 लाख रुपये नकद, अमेरिकी डॉलर, सोने के आभूषण समेत कई कीमती सामान बरामद हुआ है. बताया जा रहा है कि पुलिस को यह बरामदगी आरोपियों की निशानदेही पर मिली है.

दरअसल, राम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा प्रतिदिन करोड़ों रुपये का चढ़ावा, विदेशी मुद्रा, सोना-चांदी और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं दान की जाती हैं. इस चढ़ावे की गणना बैंक कर्मियों और ट्रस्ट से जुड़े कर्मचारियों की निगरानी में होती है.इसी दौरान चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की शिकायत सामने आई. प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और आठ लोगों को गिरफ्तार किया. इनमें कुछ ट्रस्ट से जुड़े कर्मचारी हैं, जबकि अधिकतर आउटसोर्स कर्मचारी हैं.

सात आरोपियों से क्या-क्या बरामद ?

पुलिस दस्तावेजों के अनुसार सात आरोपियों से बड़ी मात्रा में नकदी और अन्य सामान बरामद हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे अधिक बरामदगी अविनाश शुक्ला के पास से हुई. उसके कब्जे से कथित तौर पर 20,39,220 रुपये नकद, 1121 अमेरिकी डॉलर, दो सोने जैसी धातु की चेन, एक सोने जैसी अंगूठी और एक चांदी जैसी धातु की वस्तु बरामद की गई. विदेशी मुद्रा की बरामदगी ने जांच एजेंसियों का ध्यान अपनी ओर खींचा.

अनुकल्प मिश्रा से 16.82 लाख रुपये

गिरफ्तार आरोपी अनुकल्प मिश्रा के पास से पुलिस ने 16,82,040 रुपये नकद बरामद किए. अनुकल्प मिश्रा उन कर्मचारियों में शामिल बताया जा रहा है, जो चढ़ावे की गणना प्रक्रिया में था.

करुणेश पांडेय के पास से 18 लाख से अधिक नकदी

पुलिस दस्तावेजों के अनुसार, करुणेश पांडेय के पास से 18,07,063 रुपये नकद बरामद हुए. यह रकम भी जांच एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य है.

लवकुश मिश्रा से 14.25 लाख रुपये

गिरफ्तार आरोपी लवकुश मिश्रा के घर से 14,25,000 रुपये नकद मिलने का दावा किया गया है. जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि यह धनराशि कब और कैसे एकत्र की गई.

रमाशंकर मिश्रा से 7.32 लाख रुपये

पुलिस के अनुसार, रमाशंकर मिश्रा के कब्जे से 7,32,170 रुपये नकद बरामद हुए. उनकी भूमिका की भी विस्तृत जांच की जा रही है.

मनीष यादव से 2 लाख रुपये

रिपोर्ट के अनुसार मनीष कुमार यादव के पास से 2 लाख रुपये नकद मिले. बताया जा रहा है कि मनीष यादव भी चढ़ावा गणना प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था.

टिन्नू यादव से 1 लाख रुपये

ट्रस्ट कर्मचारी राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव के पास से 1 लाख रुपये नकद बरामद होने का दावा किया गया है.

आठवें आरोपी से कोई बरामदगी नहीं

रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तार आठवें आरोपी सुभाष श्रीवास्तव के पास से कोई नकदी या सामान बरामद नहीं हुआ. हालांकि पुलिस का आरोप है कि वे कथित साजिश का हिस्सा थे, उनकी भूमिका की भी जांच जारी है.

कुल 79.85 लाख रुपये की बरामदगी

अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार सात आरोपियों से कुल 79 लाख 85 हजार रुपये के आसपास नकदी और अन्य सामान बरामद हुआ है. पुलिस पहले ही इस बरामदगी का जिक्र अदालत में प्रस्तुत दस्तावेजों में कर चुकी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने एसआईटी की जांच अवधि बढ़ाकर 15 जुलाई तक कर दी है. सूत्रों के मुताबिक जरूरत पड़ने पर ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों और ट्रस्टियों से भी पूछताछ की जा सकती है.

Follow Us