राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की बिगड़ी तबीयत, पहुंचे अस्पताल

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत अब स्थिर और खतरे से बाहर है. वे राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख स्तंभ रहे हैं, जिन्होंने मंदिर निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित किया. एक-दो दिन में उन्हें छुट्टी मिलने की उम्मीद है.

मेदांता अस्पताल में भर्ती नृत्य गोपाल दास

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत एक बार फिर खराब हो गई है. उन्हें एक बार संक्रमण की वजह से परेशानी हुई. जिसकी वजह से उन्हें आनन फानन में लखनऊ के मेदांता अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखकर भर्ती कर लिया है. जहां उपचार के बाद सेहत में सुधार होने लगा है. महंत नृत्य गोपाल दास लंबे समय से बीमार चल रहे हैं.

डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत में अब सुधार है और वह खतरे से बाहर हैं. हालांकि एहतियातन उन्हें निगरानी में रखा गया है. उम्मीद है कि एक दो दिन में वह पूरी तरह ठीक होकर अस्पताल से जा सकेंगे. महंत नृत्य गोपाल दास अभी 88 वर्ष के हैं. इससे पहले जनवरी में भी उनकी हालत खराब हो गई थी. उस समय भी उन्हें मेदांता अस्पताल लाया गया था, जहां से इलाज के बाद वह उनकी सेहत में सुधार हुआ था. उस समय खुद सीएम योगी उनसे मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे थे.

अवनीश अवस्थी पहुंचे अस्पताल

महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत खराब होने की सूचना पर उनका हालचाल लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी अस्पताल पहुंचे हैं. उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों से भी बातचीत की. इसके बाद मेदांता के डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि महंत नृत्य गोपाल दास की सेहत में सुधार है. उन्हें सोमवार को अस्पताल लाया गया था. अब उनके शरीर में कोई गंभीर संक्रमण नहीं है. एक-दो दिन में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है.

राम मंदिर को समर्पित है जीवन

राम मंदिर आंदोलन से शुरू से ही जुड़े रहे महंत नृत्य गोपाल दास ने अपना पूरा जीवन ही राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पित कर दिया है. राम मंदिर आंदोलन के लिए उन्हें 1986 में राम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया था. फिर 1992 में बाबरी विंध्वंस के बाद उन्हें राम जन्मभूमि न्यास (वीएचपी द्वारा गठित) का प्रमुख बनाया गया. इस पद पर वह साल 2006 तक बने रहे थे. फिलहाल वह श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं.

कौन हैं नृत्य गोपाल दास?

महंत नृत्य गोपाल दास मूल रूप से मथुरा के रहने वाले हैं. उनका जन्म 11 जून 1938 को हुआ था. फिलहाल वह राम नगरी अयोध्या में सबसे बड़े मंदिर, ‘मणि राम दास की छावनी’ के पीठाधीश्वर हैं. विश्व हिंदू परिषद द्वारा 1993 में गठित राम जन्मभूमि न्यास के प्रमुख भी हैं. वह दशकों तक राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े रहे हैं. उनके ऊपर साल 2001 में बम भी फेंका गया था. मणि रामदास छावनी के महंत के रूप में उन्होंने सैकड़ों साधुओं को राम मंदिर आंदोलन के लिए एकजुट करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही.

Follow Us