लखनऊ में मर्डर से सनसनी, सगाई के तीन दिन बाद युवती का जंगल में मिला शव
लखनऊ में 22 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. उतरेठिया रेलवे लाइन के पास पुलिस को अज्ञात युवती का शव मिला था. बाद में उसकी पहचान शिवानी सिंह के रूप में हुई, जिसके तीन दिन पहले ही सगाई हुई थी. वह रविवार को सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी.
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में युवती की हत्या से सनसनी फैल गई है. पुलिस को उतरेठिया रेलवे लाइन के पास एक अज्ञात युवती का शव मिला था. बाद में उसकी पहचान 22 वर्षीय शिवानी सिंह के रूप में हुई. मृतका की तीन दिन पहले ही सगाई हुई थी. पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस को उतरेठिया रेलवे लाइन के पास रोड किनारे जंगल में एक अज्ञात युवती का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी. शव की पहचान के लिए क्षेत्र में पतारसी-सुरागरसी की जा रही थी. इसी बीच थाना पीजीआई से में एक युवती का 17 मई से गुमशुदगी का पता चला. परिजनों के थाना आने पर मृतका की फोटो दिखाकर शव पहचान कराई गई.
काम पर जाने के लिए निकली लेकिन घर नहीं लौटी
डीसीपी के मुताबिक, दोपहर पीजीआई थानाक्षेत्र से एक युवती के लापता होने की सूचना मिली. युवती रविवार को सुबह करीब 10:00 बजे घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी थी. मृतका की मां गीता पत्नी दीपू सिंह निवासी ई-158, रक्षाखण्ड, एल्डिगो उद्यान-2, थाना पीजीआई, ने शव की पहचान अपनी पुत्री शिवानी सिंह उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में की.
मृतका की मां ने बताया कि शिवानी की तीन दिन पहले ही सगाई हुई थी. वह एक रीयल एस्टेट कंपनी में नौकरी करती थी. रविवार को वह काम पर जाने की बात कहकर सुबह निकली थी. उसके बाद नहीं लौटी. परिजनों द्वारा शव देखने की इच्छा व्यक्त किये जाने पर उन्हें केजीएमयू मोर्चरी भेजा गया, जहां शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया था.
मामले की जांच के लिए पुलिस टीम का हुआ गठन
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट टीम भी मौके पर पहुंची थी. घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किये गये. शव का पोस्टमार्टम नियमानुसार कराया जा रहा है. परिजनों से प्रार्थना पत्र प्राप्त कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जायेगी. साथ ही मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया है.