जेंडर चेंजकर लड़की बनना चाहता था बेटा, मां ने किया विरोध तो पीट-पीटकर ले ली जान; मचा हड़कंप

लखनऊ में एक बेटे ने अपने ही हाथों अपनी सगी मां की हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक आरोपी जेंडर चेंज कर लड़की बनना चाहता था, जबकि उसकी मां इसका विरोध कर रही थी. गुस्से में 17 वर्षीय आरोपी ने लोहे की रिंच से मां पर वारकर उसकी जान ले ली.

वारदात के बाद मौके पर पहुंची लखनऊ पुलिस Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक हैरान और परेशान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां नाका हिंडोला थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय लड़के ने अपनी सगी मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी है. वारदात से ज्यादा इसकी वजह हैरतंगेज है. बताया जा रहा है कि लड़का अपना जेंडर चेंजकर लड़की बनना चाहता था. उसकी मां 42 वर्षीय गीता भागचंदानी इसका विरोध कर रही थी. इसी बात पर आरोपी ने बेटे ने लोहे की रिंच से वार कर उनकी जान ले ली.

मामला राजेंद्र नगर चौराहे के पास स्थित विजन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 202 का है. वारदात के बाद आरोपी बेटे ने खुद ही पुलिस को फोन कर सूचना दी और पुलिस के आने तक वहीं बैठा रहा. बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. लखनऊ पुलिस के मुताबिक वारदात की सूचना कंट्रोल रूम में 1 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे मिली थी. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया.

खुद बुलाई पुलिस

पुलिस के मुताबिक इस फ्लैट में आरोपी की मां गीता भागचंदानी रहती थी. आरोपी वारदात से ठीक पहले उनसे मिलने पहुंचा और चाय बनाने को कहा. जैसे ही गीता किचन की ओर चलीं, आरोपी ने पीछे से उनके सिर पर रिंच से ताबड़तोड़ वार किया. इससे वह मौके पर ही गिरी और तड्पकर दम तोड़ दिया. वारदात के बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन किया. उन्हें घटनाक्रम बताने के बाद खुद पुलिस को भी फोन कर घटना की जानकारी दी.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से उसकी डायरी और मोबाइल फोन कब्जे में लिए है. इसकी जांच में घटना के संबंध में काफी जानकारियां मिली हैं. इन जानकारियों को वेरिफाई किया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वारदात के लिए ही ऑनलाइन मास्टर रिंच और पेपर स्प्रे मंगाया था. अब फोरेंसिक टीम की मदद से पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.

लड़की बनना चाहता था युवक

पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी लैंगिक पहचान को लेकर असमंजस में था. वह पैदा तो लड़का हुआ था, लेकिन उसका व्यवहार लड़कियों वाला था. इसलिए वह जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराना चाहता था. माना जा रहा है कि इस बात को लेकर घर में तनाव की स्थिति बनी हुई थी. हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी.

Follow Us