अखिलेश यादव ने यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की टॉपर बेटियों को दिया iPad
यूपी बोर्ड के 10वीं कक्षा की परीक्षा में सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने टॉप किया. वहीं 12वीं की परीक्षा में शिखा वर्मा सबसे अव्वल रही हैं. अब अखिलेश यादव ने तीनों ही टॉपर्स को सपा पार्टी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में सम्मानित किया है.
सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव ने 10वीं और 12वीं की टॉपर बेटियों को iPad दिया. पार्टी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने 10वीं की कशिश, अंशिका और 12वीं की शिखा को iPad देते हुए सम्मान किया.
बता दें कि यूपी बोर्ड कक्षा 10वीं 2026 की परीक्षा में सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने 97.83% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया है. वहीं, सीतापुर की शिखा वर्मा ने यूपी बोर्ड क्लास 12 में टॉप किया है और उनके 97.60% परसेंटेज आए हैं.
जानें इस बार कितने प्रतिशत छात्र हुए सफल
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने 10वीं और 12वीं का रिजल्ट 23 अप्रैल को घोषित किया. इस बार हाई स्कूल में 90.42 और इंटरमीडिएट में 80.38 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं. यूपी बोर्ड ने पहली बार कॉपियों का मूल्यांकन 15 दिनों में पूरा कर नया रिकॉर्ड बनाया है. एक बार फिर सबसे ज्यादा अंक पाने वालों में लड़कियां अव्वल रही हैं. 10वीं और 12वीं के दोनों कक्षाओं की टॉपर लड़कियां हैं.
हाई स्कूल की टॉपर्स-
पहला स्थान- 97.83% , कशिश वर्मा (सीतापुर) और अंशिका वर्मा (बाराबंकी)
दूसरा स्थान- 97.50 %, अदिति (बाराबंकी)
तीसरा स्थान- 97.33% , अर्पिता साहू (झांसी) और परी वर्मा (सीतापुर), रिषभ साहू( झांसी)
12वीं के टॉपर्स
12वीं का पहला स्थान- 97.60% अंक पाकर शिखा वर्मा (सीतापुर)
दूसरा स्थान- 97.20%, पाकर नंदनी गुप्ता (बरेली) और श्रेया वर्मा (बाराबंकी)
तीसरा स्थान- 97.00%, सुरभि यादव (बरेली) और पूजा पाल (बाराबंकी)
10वीं-12वीं के लिए 52,30,184 स्टूडेंट्स ने कराया था रजिस्ट्रेशन
यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं एग्जाम 2026 के लिए कुल 52,30,184 स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था. इनमें से 27,50,843 स्टूडेंट्स ने 10वीं बोर्ड एग्जाम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था. तो वहीं 24,79,341 स्टूडेंट्स ने यूपी बोर्ड से 12वीं एग्जाम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था.