लखनऊ सपा नेता के रिसॉर्ट पर छापा, 88 सिलेंडर बरामद, कालाबाजारी के आरोप में पत्नी समेत 6 पर FIR
लखनऊ में सपा नेता के रिसॉर्ट पर जिला पूर्ति अधिकारी की टीम ने छापा मारा. यहां से 88 घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से भंडारित पाए गए, जिनमें कुछ भरे हुए थे. कालाबाजारी के आरोप में नेता, उनकी पत्नी और गैस एजेंसी मैनेजर सहित 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में LPG सिलेंडर की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है. जहां एक तरफ मिडिल ईस्ट तनाव से गैस की किल्लत है, वहीं, दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के नेता के रिसॉर्ट से 88 घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रुप से भंडारित पाए गए. कालाबाजारी के आरोप में नेता, उनकी पत्नी सहित 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
जिला पूर्ति अधिकारी की टीम ने 14 मार्च को सपा नेता सुरेन्द्र कुमार उर्फ़ सोनू कनौजिया के मोहन रोड पर स्थित
अभिनंदन रिसर्ट पर छापा मारा. यहां असीम भारत गैस आलमबाग, का गैस सिलेंडर से भरा बोलेरो मैक्सीट्रक पाया गया. यह ऐजेंसी सपा नेता की पत्नी मंजू कनौजिय के नाम पर है. पूछताछ में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिए गए.
कालाबाजारी के नीयत से भण्डारण के आरोप
एफआईआर के मुताबिक, जब्त वाहन में 65 खाली घरेलू गैस सिलेंडर, 9 भरे हुए सिलेंजर, 5 किलो वाले 14 छोटे खाली सिलेंडर समेत 88 गैस सिलेंडर पाए गए हैं. जांच के दौरान, मौके से कोई रिफिल या अन्य कागजात नहीं मिले. आरोप है कि गैस सिलेंडर को कालाबाजारी के नीयत से अनाधिकृत परिसर में अवैध रुप से भण्डारण किया गया था.
सपा नेता, उनकी पत्नी समेत इन 6 लोगों पर FIR
ऐसा करना द्वतित पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण का विनियमन) आदेश-2000 (यथा संशोधित) के प्राविधानों का उल्लंघन है. जो आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अन्तर्गत दंडनीय अपराध है. मामले में सपा नेता सुरेन्द्र कुमार, पत्नी मंजू कनौजिया, ऐजेंसी के मैनेजर मुन्ना उर्फ इक्तदा हुसैन, बोलेरो वाहन, जमील अहमद और साहिल पर केस दर्ज हुआ है.
सपा नेता सुरेंद्र कुमार ने मामले में क्या कुछ कहा?
सपा नेता सुरेंद्र कुमार ने बताया कि एजेंसी उनकी पत्नी के नाम से है, जिसे एक साल पहले मैनेजर मुन्ना ने उन्हें राजन नामक व्यक्ति से दिलाया था. उनका कहना है कि मैंने अब अपना गोदाम इब्राहिमगंज में बनवाया है. नये बनवाये गये गोदाम
में साधन नहीं जा पा रहा है जिसके कारण 3-4 दिन से गाड़ी उनके रिसॉर्ट में ही खडी हो रही थी.
जांच के दौरान असीम गैस एजेंसी पर लगा था ताला
वहीं, रिसॉर्ट परिसर से गैस सिलेंडरों को कब्जे में लेकर सुरक्षित रख लिया गया है. इसके बाद असीम भारत गैस आलमबाग के गोदाम का निरीक्षण किया गया. लेकिन गोदाम में ताला बंद था. पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है. बता दें कि प्रदेश में एलपीजी की किल्लत को लेकर सीएम योगी ने कालाबाजारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
