न फिजिकल, न रिटेन; सीधे मेडिकल टेस्ट के बाद जॉइनिंग लेटर…अग्निवीरों को UP में 20% आरक्षण

उत्तर प्रदेश सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के हित में बड़ा फैसला लिया है. अब उन्हें राज्य पुलिस, वन, कारागार और परिवहन विभाग की भर्तियों में 20% आरक्षण मिलेगा. इन पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक या लिखित परीक्षा नहीं होगी, केवल मेडिकल टेस्ट के आधार पर सीधी जॉइनिंग होगी. अधिकतम आयु सीमा में भी 3 साल की छूट मिलेगी.

पूर्व अग्निवीरों को यूपी में सीधा मिलेगी नौकरी Image Credit:

चार साल की सेवा पूरी कर निकलने वाले पूर्व अग्निवीरों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने नौकरी के दरवाजे खोल दिए हैं. इन अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश सरकार के पुलिस, वन, कारागार और परिवहन विभाग की भर्तियों में ना तो फिजिकल होगा और ना ही रिटेन होगा, सीधे उनका मेडिकल टेस्ट कराने के बाद जॉइनिंग लेटर थमा दिया जाएगा. यही नहीं इन भर्तियों में पूर्व अग्निवीरों को 20 फीसदी आरक्षण भी मिलेगा.

पूर्व अग्निवीरों के लिए नौकरी की राह आसान करने वाले इस प्रस्ताव पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिल गई है. सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक इन भर्तियों में अग्निवीरों को अधिकतम आयु सीमा में 3 साल की छूट मिलेगी. उन्हें रिटेन एग्जाम और फिजिकल टेस्ट नहीं देना होगा. केवल मेडिकल टेस्ट पास करने पर उन्हें नौकरी मिल जाएगी.

इन विभागों में मिलेगी नौकरी

यूपी सरकार में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के मुताबिक भारत सरकार ने साल 2022 में अग्निवीर योजना शुरू की गई थी. चार साल की सेवा के बाद इनमें से ज्यादातर अग्निवीरों को स्थाई रूप से सेना में लिया जा रहा है, वहीं बाकी अग्निवीर सेना से बाहर आ रहे हैं. सेना से बाहर आने वाले इन अग्निवीरों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने नियमों में कुछ बदलाव किए हैं. इसमें पूर्व अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश पुलिस, कारागार, वन और परिवहन विभाग में नौकरी देने का निर्णय लिया गया है. इसमें उन्हें 20 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा.

अधिकतम आयु सीमा में भी छूट

पूर्व अग्निवीरों के लिए प्रदेश सरकार ने अधिकतम आयु सीमा में भी छूट देने का फैसला किया है. इस छूट के तहत जहां अन्य उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 साल रखी गई है, वहीं पूर्व अग्निवीरों के लिए यह आयु सीमा तीन साल बढ़ाकर 28 साल कर दी गई है. सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से सेना में चार साल की नौकरी पूरी करने वाले अग्निवीर आगे भी बेरोजगार नहीं रहेंगे.

Follow Us