जेवर एयरपोर्ट का नाम होगा नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नोएडा जेवर, योगी कैबिनेट ने लगाई मुहर
यूपी कैबिनेट ने जेवर एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नोएडा जेवर’ रखने का प्रस्ताव पारित किया. सीएम योगी ने मोदी के 25 साल के सेवाकाल पर अभिनंदन प्रस्ताव की भी जानकारी दी.
उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से नई पहचान देने की तैयारी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नोएडा जेवर’ रखने का प्रस्ताव पारित किया गया. मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को लोकभवन के मीडिया सेंटर में दोनों उपमुख्यमंत्रियों और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ पत्रकार वार्ता कर इसकी जानकारी दी.
इस दौरान मंत्रिपरिषद की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किए जाने की जानकारी भी दी गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, निवेश, रोजगार और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में बदलाव की दिशा में काम किया है.
मोदी के 25 साल के सेवाकाल पर अभिनंदन प्रस्ताव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की सेवा यात्रा सात अक्टूबर को पूरी हुई. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश से सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं और काशी से उनका विशेष संबंध रहा है. सीएम योगी ने कहा कि 2014 में काशी आने के दौरान प्रधानमंत्री ने मां गंगा से जुड़ाव की बात कही थी. उनके मुताबिक, काशी से शुरू हुआ यह संबंध प्रदेश के विकास और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का आधार बना.
2017 से पहले असुरक्षा, अब निवेश का माहौल: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश प्रशासनिक शिथिलता, असुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था. उनके मुताबिक, केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने पारदर्शिता, तकनीक आधारित प्रशासन और बेहतर कानून-व्यवस्था पर जोर दिया, जिससे निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बना.
60 हजार करोड़ से 42 राष्ट्रीय राजमार्ग, एक्सप्रेसवे और मेट्रो का विस्तार
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश में करीब 60 हजार करोड़ रुपये की लागत से 2,483 किलोमीटर लंबे 42 राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण हुआ है. उन्होंने दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून, दिल्ली-मेरठ और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का भी उल्लेख किया. मुख्यमंत्री के अनुसार, दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत ट्रेन परियोजना पर 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किया गया है. लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मेट्रो नेटवर्क का भी विस्तार हुआ है.
ब्रह्मोस यूनिट और पीएम मित्रा पार्क से औद्योगिक विकास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दादरी में पूर्वी और पश्चिमी समर्पित मालवाहक रेल गलियारों का जंक्शन विकसित हुआ है और इनका 1,050 किलोमीटर से अधिक हिस्सा उत्तर प्रदेश से गुजरता है. वाराणसी में मल्टीमॉडल इनलैंड पोर्ट टर्मिनल और फ्रेट विलेज का भी उल्लेख किया. उन्होंने लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल असेंबली यूनिट, रक्षा औद्योगिक गलियारे और एक हजार एकड़ में प्रस्तावित पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क को औद्योगिक विकास के प्रमुख केंद्रों के रूप में पेश किया.
