अखिलेश-मायावती समेत 44 नेताओं के लिए UP सरकार ने खरीदी बुलेटप्रूफ जैकेट, क्यों?

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार ने एहतियाती कदम उठाया है. सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा मुख्यालय ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती समेत 44 नेताओं और 11 मंत्रियों के लिए करीब 10 लाख रुपये की लागत से बुलेटप्रूफ जैकेट खरीदी हैं. बताया जा रहा है कि कुछ नेताओं को जैकेट उपलब्ध भी करा दी गई हैं. इनमें मंत्री संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ और बीजेपी नेता संगीत सोम व सुरेश राणा के नाम शामिल हैं. हालांकि, सरकार ने अभी जैकेट उपलब्ध कराने के पीछे खतरे या सुरक्षा इनपुट को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती Image Credit: फाइल फोटो

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार ने बड़ा एहतियाती कदम उठाया है. सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा मुख्यालय की ओर से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती समेत 44 नेताओं के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट खरीदी गई हैं. इसके अलावा प्रदेश सरकार के 11 मंत्रियों को भी बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई गई है.

सूत्रों के अनुसार, कई नेताओं और मंत्रियों को जैकेट उपलब्ध भी कराई जा चुकी है. इनमें मंत्री संजय निषाद और नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ समेत अन्य नाम शामिल बताए जा रहे हैं. हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किन विशेष सुरक्षा इनपुट या परिस्थितियों के आधार पर बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया.

चुनावी सुरक्षा को लेकर बढ़ी सतर्कता

सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा चुनाव के दौरान संभावित सुरक्षा चुनौतियों और खुफिया इनपुट को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है. बताया जा रहा है कि अलग-अलग सुरक्षा श्रेणियों में आने वाले नेताओं को भी इस व्यवस्था में शामिल किया गया है. इसमें Y श्रेणी से लेकर Z+ सुरक्षा प्राप्त नेताओं तक के नाम शामिल बताए जा रहे हैं.

एक जैकेट की कीमत करीब 10 लाख रुपये

बुलेटप्रूफ जैकेट की खरीद सुरक्षा मुख्यालय की ओर से किए जाने की जानकारी सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक, एक जैकेट की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है. सुरक्षा व्यवस्था के तहत इन्हें उन नेताओं को उपलब्ध कराया जा रहा है, जिनकी सुरक्षा को लेकर खतरे का आकलन किया गया है.

अखिलेश-मायावती से लेकर संगीत सोम तक नाम

इस सुरक्षा व्यवस्था का दायरा केवल मौजूदा मंत्रियों और विधायकों तक सीमित नहीं बताया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चर्चित भाजपा नेताओं संगीत सोम और सुरेश राणा को भी बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई गई है. वहीं, विपक्ष के प्रमुख नेताओं अखिलेश यादव और मायावती के नाम भी इस सूची में शामिल बताए जा रहे हैं. ऐसे में सरकार के इस कदम को चुनाव से पहले राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण भी माना जा रहा है.

2027 चुनाव से पहले सुरक्षा पर फोकस

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं. प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं के दौरे और सार्वजनिक कार्यक्रम आने वाले समय में बढ़ने की संभावना है. ऐसे में बड़े नेताओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज की जा रही हैं.

बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने का यह फैसला इसी सुरक्षा तैयारियों की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, जैकेट उपलब्ध कराने की वास्तविक वजह, संबंधित नेताओं की संख्या और उनके लिए खतरे की प्रकृति को लेकर सरकार की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

Follow Us