बिजली पर महंगाई की मार! बिल में जुड़ेगा 10 प्रतिशत फ्यूल सेस, इसी महीने से ढीली होगी जेब

उत्तर प्रदेश में उपभोक्ताओं को बिजली बिल पर 10% ईंधन अधिभार का झटका लगा है. यूपीपीसीएल ने बढ़ती ईंधन लागत के कारण यह शुल्क लगाया है, जिससे मई से बिल 10% तक बढ़ जाएगा. भीषण गर्मी और बेलगाम बिजली कटौती के बीच आई यह बढ़ोतरी घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक सभी श्रेणियों पर लागू होगी, जिससे आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ेगा.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश में बेलगाम बिजली कटौती के बीच उपभोक्ताओं को एक बड़ा झटका लगने वाला है. उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन ने बिजली बिल पर 10 फीसदी का इंधन अधिभार (Fuel Surcharge) लगा दिया है. माना जा रहा है कि इससे बिजली का बिल 10 फीसदी तक बढ़ जाएगा. बढ़ा हुआ बिल अगले महीने आने वाले मई महीने के बिजली में लग कर आएगा. यह बढोत्तरी सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं पर समान रूप से लागू की जा रही है.

बिजली के बिलों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है, जब पूरे उत्तर प्रदेश में एक तरफ भीषण गर्मी पड़ रही है और ऊपर से बेलगाम तरीके से बिजली की कटौती हो रही है. प्रदेश के कई इलाकों में तो दिन में 8-10 घंटे या उससे भी ज्यादा बिजली कटौती हो रही है. उपभोक्ता पहले ही गर्मी और पावर कट से परेशान हैं, ऐसे में अब बिल में बढ़ोत्तरी से उन्हें दोहरी मार झेलना होगा.

इसलिए लगाया सरचार्ज

बिजली बिलों में बढोत्तरी के लिए UPPCL ने सफाई भी दी है. बिजली कंपनी के मुताबिक ईंधन की बढ़ती कीमतों और उत्पादन लागत को देखते हुए यह अधिभार लगाया गया है. यूपीपीसीएल के मुताबिक यह शुल्क सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं (घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक) पर लागू होगा. बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक ईंधन अधिभार बिजली उत्पादन की वास्तविक लागत को कवर करने के लिए लिया जाता है. समय-समय पर इसकी समीक्षा भी होती है.

जेब पर कितना पड़ेगा असर

इस समय शहरी क्षेत्र में नॉर्मल उपभोग की दशा में करीब 8 रुपये प्रति यूनिट बिजली का बिल आता है. ऐसी स्थिति में यदि सौ यूनिट बिजली खर्च करने पर 800 रुपये देना होता था. वहीं अब सरचार्ज लगने के बाद बिजली की दरें करीब 8.80 रुपये हो जाएंगी. ऐसे में 100 यूनिट बिजली के उपभोग पर 880 रुपये का भुगतान करना होगा. इस प्रकार आम आदमी की जेब से करीब 80 रुपये का अतिरिक्त भुगतान करना होगा.

3.71 करोड़ हैं कुल यूजर

उत्तर प्रदेश में इस समय करीब 3 करोड़ 71 लाख बिजली उपभोक्ता है. बिजली निगम को अनुमान है कि इन उपभोक्ताओं से मई के बिल के साथ कुल 1610 करोड़ रुपया सरचार्ज वसूल किया जाएगा. अधिकारियों ने उदाहरण के साथ समझाते हुए बताया कि अगर किसी का बिजली बिल 1000 रुपये आ रहा है तो उसके बिजली बिल में 10% यानी 100 रुपये और जुड़ जाएगा. इस प्रकार उसका कुल बिल ₹1100 का होगा.

Follow Us