‘UP में तेल-गैस का कोई संकट नहीं…’ सभी ऑयल कंपनियों को क्यों देना पड़ा बयान?

उत्तर प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और LPG की कमी की अफवाहों के बीच प्रमुख तेल कंपनियों ने संयुक्त बयान जारी किया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि राज्य में तेल और गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति सामान्य है. घबराने या जमाखोरी करने की कोई आवश्यकता नहीं है. कंपनियों ने अफवाह फैलाने वालों और जमाखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी पुष्टि की है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी गैस खत्म होने की अफवाहें चरम पर हैं. इसी बीच देश की तीनों प्रमुख ऑयल कंपनियों ने संयुक्त बयान जारी किया है. इसमें ऑयल कंपनियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तेल गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. इसलिए किसी को घबराने की जरूरत नहीं है. इसी के साथ ऑयल कंपनियों ने डिमांड और आपूर्ति का ब्यौरा भी जनता के सामने रखा है. इसी के साथ ऑयल कंपनियों ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, कुशीनगर, बस्ती और लखीमपुर खीरी आदि में दिक्कत हुई है, लेकिन यह दिक्कत अफवाहों की वजह से आईं.

ऑयल कंपनियों ने कहा कि प्रदेश में तेल और गैस की आपूर्ति निर्बाध रूप से हो रही हैं. इसलिए ना तो किसी को घबराने की जरूरत है और ना ही घर में स्टॉक करके रखने की. संयुक्त प्रेसकांफ्रेंस में ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पाद, पेट्रोल, डीजल और एलपीजीकी आपूर्ति सामान्य चल रही है. पूरी व्यवस्था नियंत्रण में है. अब तक प्रदेश में कहीं कोई दिक्कत नहीं आई है. इस प्रेस कांफ्रेंस में यूपी इंडियन आयल, BP और HP के पदाधिकारी मौजूद थे.

UP में कितनी हो रही सप्लाई?

ऑयल कंपनियों ने बताया कि इस समय प्रदेश में कुल 13,168 रिटेल आउटलेट संचालित हैं. इनमें से 12,331 आउटलेट सार्वजनिक क्षेत्र के तो बाकी के 863 निजी क्षेत्र के हैं. इसके अलावा 28 सप्लाई डिपो भी सक्रिय हैं. इन सभी से रोजाना औसतन 20 हजार किलो लीटर पेट्रोल और 33 हजार किलो लीटर डीजल की सप्लाई हो रही है. यूपी के कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख संजय भण्डारी के मुताबिक प्रदेश में एलपीजी के 4,143 वितरक हैं और 36 बॉटलिंग प्लांट हैं. इनसे करीब 4.88 करोड़ उपभोक्ताओं को सेवा दी जा रही है. इस समय सभी वितरकों के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और रोजाना करीब 8 लाख सिलेंडर रिफिल किए जा रहे हैं.

जमाखोरी पर तगड़ा एक्शन

अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में अफवाह फैलाने वालों और जमाखोरी करने वालों पर तगड़ा एक्शन हो रहा है. अब तक 33,117 निरीक्षण हुए हैं. इसमें 12,701 सिलेंडर जब्त किए गए. वहीं 268 एफआईआर दर्ज कराई गई हैं. इनमें अब तक 22 लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है. अधिकारियों के मुताबिक अराजक तत्वों द्वारा अफवाह फैलाए जाने और कुछ स्थानों पर जमाखोरी करने की वजह से थोड़ी बहुत दिक्कत आई थी, लेकिन समय रहत समस्या का समधान किया गया.

बलिया में हुई थी मरीज की मौत

उत्तर प्रदेश के बलिया में तीन दिन पहले एक पेट्रोल पंप पर एंबुलेंस को भी तेल नहीं दिया गया. इसकी वजह से एक मरीज को समय रहते अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका. इससे मरीज की मौत हो गई. सूचना पर एक्शन में आई जिला प्रशासन की टीम ने जब जांच की तो पता चला कि पंप पर तेल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद था. ऐसे में पंप संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गई है. इसी तरह की समस्या कई अन्य जिलों में भी देखने को मिली थी.

Follow Us