यूपी स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल! वाराणसी-संतकबीर नगर को मिले नए CMO, 8 डॉक्टर बने CMS
उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. वाराणसी और संतकबीर नगर में नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) नियुक्त किए गए हैं. साथ ही, आठ चिकित्सा अधिकारियों को विभिन्न सरकारी अस्पतालों में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने देर रात स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. शासन ने वाराणसी और संतकबीर नगर में नए मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (CMO) की तैनाती की है. इसके साथ ही प्रदेश के अलग-अलग सरकारी अस्पतालों में तैनात 8 चिकित्साधिकारियों को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) की जिम्मेदारी दी गई है.
स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव रवि रंजन ने सोमवार देर रात को तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए. शासन स्तर से वाराणसी के सीएमओ डॉ मुकेश कुमार को पदमुक्त कर दिया गया है. उनके स्थान पर प्रादेशिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग में संयुक्त निदेशक ग्रेड के अधिकारी डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को वाराणसी का नया CMO बनाया गया है.
संजय कुमार दोहरे संतकबीर नगर के CMO बने
डॉ एनपी सिंह, इससे पहले वह मिर्जापुर मंडल में अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य के कार्यालय में संयुक्त निदेशक के पद पर तैनात थे. वहीं लखनऊ के वीरांगना अवंतीबाई महिला चिकित्सालय में वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. संजय कुमार दोहरे को संतकबीर नगर का नया CMO नियुक्त किया गया है. दोहरे को प्रभारी CMO प्रमोद कुमार के स्थान पर भैजा गया है.
इन डॉक्टरों को मिली CMS की जिम्मेदारी
शासन के आदेश के मुताबिक, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय, वाराणसी के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. सत्य प्रकाश और लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय, रामनगर वाराणसी के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. प्रवीर रंजन को CMS बनाया गया है. वहीं, डॉ. मनोज कुमार अखौरी को जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली का CMS नियुक्त किया गया है.
ये भी पढ़ें- पति की मौत के बाद गोद लिया बेटा भी होगा उसका उत्तराधिकारी, HC ने साफ किया कानून
इसके अलावा, डॉ. अजय मोहन को श्रीराम चिकित्सालय अयोध्या, डॉ. शंभु दयाल को जिला महिला चिकित्सालय गोंडा, डॉ. प्रमोद कुमार दोहरे को 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय उन्नाव, डॉ. अनिल कुमार शुक्ला को 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय हरदोई और डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव को लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय लखनऊ का CMS बनाया गया है.
