UP में फिर बढ़ी गर्मी… 44°C के पार पहुंचा पारा, पुरवा हवाओं से थोड़ी राहत; अब कब बदलेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, पारा 44°C के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक लू की चेतावनी जारी की है, खासकर दक्षिणी यूपी में. हालांकि, पुरवा हवाओं से थोड़ी राहत मिल रही है. 20 मई के बाद उत्तर-पूर्वी यूपी में हल्की बारिश संभव है, जबकि पूरे प्रदेश में मानसून 18 जून के आसपास आने की उम्मीद है.
दो-चार दिन की बरसात और आंधी तूफान के बाद एक बार फिर उत्तर प्रदेश में मौसम बदल रहा है. प्रदेश भर में फिर से तेज गर्मी का दौर शुरू हो गया है. 60 से अधिक जिलों में लू चलने की स्थिति बन गई है. बलिया-बनारस से लेकर अयोध्या-लखनऊ तक और नोएडा-गाजियाबाद से लेकर मेरठ मुरादाबाद तक तक मौसम साफ है. तेज धूप हो रही है और पश्चिम दिशा से चलने वाली पछुआ हवाएं दिन चढ़ने के साथ ही झुलसाने लग रही हैं. यह स्थिति देर शाम तक बनी रह रही है.
भारतीय मौसम विभाग ने इस हफ्ते के मौसम का बुलेटिन जारी किया है. इसमें दावा किया गया है कि अभी बुंदेलखंड में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है. गनीमत है कि राजधानी में अभी तक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पर है. मौसम विभाग के मुताबिक इसी सप्ताह बुंदेलखंड का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पार कर सकता है. वहीं नोएडा गाजियाबाद से लेकर लखनऊ तक का तापमान भी 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
दक्षिण यूपी में लू के थपेड़े
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में लू चलने की पूरी संभावना है. यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर भी कम रहेगा. इसलिए दिन में तो गर्मी होगी, रात में भी चैन की नींद नहीं आएगी. हालांकि उत्तरी हिस्से में चल रही पूरवा हवाओं की वजह से थोड़ी राहत रहेगी. यहां दिन तो गर्म होगा, लेकिन रात के तापमान में गिरावट आएगी.हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश वासियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दी है.
3 दिनों तक पड़ेगी भीषण गर्मी
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में 19 मई से 22 मई के बीच भीषण गर्मी की चेतावनी दी है. इन तीन दिनों में लगातार लू चलने की आशंका है. खासतौर पर दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में स्थिति खराब हो सकती है. इस संबंध में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक कुछ दिनों से वातावरण के निचले हिस्से में नम पुरवा हवाओं के असर से मौसम सुहाना बना हुआ था, लेकिन अब यह असर समाप्त हो रहा है. पुरवा हवाओं की जगह गर्म और शुष्क पछुआ हवाएं चल रही हैं. इसकी वजह से तापमान बढ़ रहा है.
अब कब बदलेगा मौसम?
मौसम विभाग ने 20 मई के बाद मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं. खासतौर पर उत्तर-पूर्वी यूपी में 20 मई के बाद गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि इससे गर्मी में कमी आने के बजाय उमस बढ़ जाएगी. उधर, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने शनिवार को दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों में दस्तक दे दी है. माना जा रहा है कि 26 मई तक मानसून केरल आ सकता है. वहीं उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री 18 जून के आसपास हो सकती है.
