होमगार्ड भर्ती परीक्षा के फर्जी रिजल्ट फैलाने पर एक्शन, दो इंस्टाग्राम अकाउंट के खिलाफ FIR दर्ज

यूपी होमगार्ड भर्ती 2025 परिणाम की फर्जी सूचना फैलाने पर यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ने सख्त कार्रवाई की है. सोशल मीडिया पर मूल दस्तावेज़ों में हेरफेर कर भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप है, इससे अभ्यर्थियों को गुमराह करने का प्रयास किया गया. लखनऊ में दो इंस्टा अकाउंट संचालकों के खिलाफ FIR की गई है.

यूपी होमगॉर्ड परीक्षा का फेक रिजल्ट फैलाने पर FIR Image Credit:

उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा के परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर फर्जी और भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने इसपर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. बोर्ड की ओर से दस्तावेज में कथित छेड़छाड़ कर अभ्यर्थियों को गुमराह करने के मामले में थाना हुसैनगंज, लखनऊ में FIR दर्ज कराई गई है.

बोर्ड के अनुसार, इंस्टाग्राम पर आधिकारिक दस्तावेज से छेड़छाड़ कर अभ्यर्थियों को गुमराह करने का प्रयास किया गया. मूल इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज में एडिटिंग कर डीवी/पीएसटी के लिए अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग से संबंधित फर्जी सूचना वायरल की गई. इस मामले में अब दो इंस्टाग्राम अकाउंट के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं.

मामले में इन दो इंस्टाग्राम आईडी पर FIR

आरोप है कि मूल इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज में एडिटिंग कर उसे वास्तविक आदेश की तरह वायरल किया गया, जिससे अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई. दो इंस्टाग्राम अकाउंट संचालकों में पहले मामले में इंस्टाग्राम आईडी “rahul_rajput_70888” से जुड़े राहुल कुमार राजपूत के खिलाफ BNS और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है.

वहीं, दूसरे मामले में इंस्टाग्राम आईडी “amit_kushwah_thakur154” संचालित करने वाले अमित कुशवाह के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. इसपर BNS 2023 की धारा 221, 292, 336(2), 336(3), 336(4) एवं आईटी एक्ट की धारा 66 में मुकदमा हुआ है. पुलिस भर्ती बोर्ड के शिकायत पर अब मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों से की जरूरी अपील

पुलिस मामले की जांच के साथ फर्जी सूचना तैयार करने और उसे प्रसारित करने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है. वहीं, पुलिस भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भर्ती से संबंधित किसी भी सूचना की पुष्टि केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से ही करें और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करें.

Follow Us