हफ्ते में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’, बदलेगा दफ्तरों का समय; PM मोदी की अपील पर UP में बड़े फैसले

प्रधानमंत्री मोदी की ईंधन बचाने की अपील पर यूपी सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं. इसमें 'नो व्हीकल डे' मनाना, सरकारी कर्मचारियों और छात्रों को सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना, दफ्तरों के समय में बदलाव करना, और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देना शामिल है. सीएम योगी ने बिजली बचाने और वर्चुअल बैठकों पर भी जोर दिया, जिससे ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिल सके.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ Image Credit:

वैश्विक परिस्थिति का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंधन बचाने की अपील की. वहीं अब उत्तर प्रदेश सरकार ने इस अपील को ध्यान में रखते हुए कई बड़े फैसले लिए हैं. सीएम योगी ने अधिकारियों और मंत्रियों के साथ बैठक की. वहीं प्रदेश वासियों से प्रधानमंत्री के आह्वान से जुड़ने की अपील की. उन्होंने उत्तर प्रदेश में हफ्ते के किसी एक दिन नो व्हीकल डे के रूप में मनाने की अपील की. कहा कि इस दिन को मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें.

सीएम योगी ने इस अभियान से सरकारी कर्मचारियों, स्कूलों-कॉलेजों के विद्यार्थियों समेत समाज के विभिन्न वर्गों को भी जोड़ने को कहा. इसी प्रकार औद्योगिक विकास विभाग व आईआईडीसी द्वारा औद्योगिक संस्थानों, बड़े स्टार्टअप्स आदि में वर्क फ्रॉम होम के लिए प्रेरित करने को कहा. कहा कि इन सभी संस्थानों में हफ्ते में कम से दो दिन वर्क फ्रॉम होम के लिए कहा जाए. इसी क्रम में उन्होंने शिक्षा विभाग के सेमिनारों, बैठकों, वर्कशॉप समेत सरकारी बैठकों का आयोजन हर संभव वर्चुअली करने को कहा. वहीं राज्य सचिवालय या निदेशालय की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकें भी ऑनलाइन करने को कहा.

स्कूलों से जुड़ेंगी सरकारी बसें

प्रदेश भर में स्कूल-कॉलेजों छात्रों या स्टॉफ को स्कूली बस में चलने के लिए प्रोत्साहित किया. इसी क्रम में सीएम ने आवश्यकता के मुताबिक परिवहन निगम की बसों को स्कूलों से जोड़ने को कहा. यही नहीं, सीएम योगी ने पीक ऑवर में ईंधन का उपयोग कम करने पर जोर दिया. कहा कि इसके लिए दफ्तरों के समय को शिफ्ट में बांटना होगा और हर शिफ्ट के लिए अलग अलग समय निर्धारित करना होगा. सीएम योगी ने प्रदेश वासियों से सार्वजनिक परिवहन, साइक्लिंग, कार पूलिंग, ईवी के प्रयोग पर जोर दिया.

बिजली बचाने की भी अपील

सीएम योगी ने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है, वहां लोग इसका अधिकतम प्रयोग करें. वहीं जिन रूटों पर ज्यादा डिमांड है, वहां बस समेत पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवाओं को बढ़ाया जाएगा. सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से बिजली बचाने की भी अपील की. कहा कि सरकारी भवनों, घरों, निजी प्रतिष्ठानों आदि में अनावश्यक बिजली का प्रयोग न हो. निजी प्रतिष्ठानों/व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स आदि में रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों का न्यूनतम प्रयोग करें.

Follow Us