सरकार के सभी दावे फेल… बलिया से प्रयागराज तक खूब कटी बिजली, लखनऊ फिर हंगामा; आंकड़े गिनाते रहे मंत्री

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से जनता बेहाल है. मुख्यमंत्री योगी और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति के दावों के बावजूद बलिया से लखनऊ तक व्यापक कटौती हो रही है. परेशान जनता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रही है. मंत्री शर्मा आंकड़ों से अपनी सरकार का बचाव कर रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत जन आक्रोश दर्शाती है.

लखनऊ में बिजली कटौती पर हंगामा Image Credit:

भीषण गर्मी में बिजली कटौती को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के सभी दावे धराशायी हो गए. रविवार को भी बलिया-बनारस से लेकर प्रयागराज अयोध्या तक और नोएडा-गाजियाबाद से लेकर राजधानी लखनऊ तक खूब बिजली कटौती हुई. इसकी वजह से परेशान लोगों ने कई जगह हंगामा किया. राजधानी लखनऊ के ही राजाजीपुरम अप्ट्रान विद्युत उपकेंद्र पर रविवार की रात बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए और हंगामा करने लगे.

लोगों के आक्रोश को देखकर बिजली निगम के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी और खुद को कार्यालय में बंद कर लिया. बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर वापस लौटाया. यह सभी लोग टिकैत राय तालाब इलाके में कई घंटे तक बिजली कटौती से परेशान होकर विद्युत उपकेंद्र पहुंचे थे. लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंत्री एके शर्मा लगातार दावे कर रहे हैं कि बिजली की कमी नहीं है, फिर बिजली की कटौती क्यों हो रही?

आंकड़े गिनाते रह गए मंत्री

लगातार बिजली कटौती के बाद भी ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने एक फिर बिजली आपूर्ति के आंकड़े गिनाए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट किया है. सरकार पर लगातार उठते सवालों के जवाब में उन्होंने लिखा है कि ‘कोई माने या न माने… हम उत्तर प्रदेश के इतिहास की सबसे ज़्यादा विद्युत आपूर्ति कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि आज सुबह 2.33 बजे उत्तर प्रदेश की पीक आपूर्ति 31000 मेगावाट पार कर गई है.

फिर दिया भरोसा

मंत्री एके शर्मा ने सोशल मीडिया पर ही प्रदेश वासियों को भरोसा देते हुए लिखा है कि शनिवार की रात 10.01 बजे पिछला सारा रिकॉर्ड तोड़ते हुए हमारी पीक आपूर्ति 31774 मेगावाट पहुंच गई थी. उन्होंने आज रात में बिजली की आपूर्ति 32000 मेगावाट पहुंचने की संभावना है. उन्होंने आगे लिखा है कि ‘सच मानिए यह प्रदेश के इतिहास में सर्वाधिक है, देश में भी सर्वाधिक है.हमने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा है.

Follow Us