नोएडा-गाजियाबाद में कोहरा, लखनऊ-प्रयागराज में बारिश; UP के 10 जिलों में गिरेंगे ओले

उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बड़ा बदलाव आया है. आज 10 से अधिक जिलों में ओलावृष्टि, लखनऊ-प्रयागराज सहित कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है. जबकि नोएडा-गाजियाबाद में घना कोहरा छाया रहेगा. पूरे प्रदेश में शीतलहर और तापमान में गिरावट जारी रहेगी. यह स्थिति 4 फरवरी तक बनी रह सकती है.

यूपी के मौसम का हाल Image Credit:

पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद बदले मौसम ने लोगों को कंफ्यूज कर दिया है. मौसम विभाग ने आज सोमवार के लिए फिर छोटे-छोटे पॉकेट में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में सहारनपुर से लेकर श्रावस्ती तक और महाराजगंज से लेकर सोनभद्र तक ड्राई मौसम रहेगा. वहीं दक्षिणी हिस्सों में समूचे बुदेलखंड के अलावा प्रयागराज से लेकर लखनऊ तक और मथुरा से लेकर हरदोई तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 10 से अधिक जिलों में ओलावृष्टि और सभी 75 जिलों में कोहरा पड़ने की भी संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज प्रदेश के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने के भी पूरे आसार नजर आ रहे हैं. रविवार की मध्य रात्रि के बाद से ही नोएडा-गाजियाबाद से लेकर मेरठ मुरादाबाद और संभल-रामपुर से लेकर बरेली पीलीभीत तक आसमान में घना कोहरा छा गया. यह स्थिति सुबह होने और दिन चढ़ने के बाद तक बनी रही. लखनऊ-अयोध्या समेत आसपास के जिलों में सोमवार की सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा है.

सर्द हवाओं से कांपा यूपी

मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी हो रही है. ऐसे में उत्तर पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाओं की वजह से पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम गलन के साथ ठंडा हो गया है. ऐसे हाल में लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं. रही सही कसर प्रदेश में जगह जगह हो रही हल्की से मध्यम बारिश ने पूरी कर दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक आज सोमवार को और कल मंगलवार को तापमान में और गिरावट आ सकती है.

फिर सक्रिय हो सकता है पश्चिमी विक्षोभ

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक उत्तरी पाकिस्तान पर मध्य क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव एक बार फिर से देखने को मिल रहा है. इसी विक्षोभ की वजह से पश्चिमी यूपी में बारिश हो रही है. इस पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर प्रदेश में 4 फरवरी तक देखने को मिल सकता है. हालांकि मौजूदा परिस्थितियों में अनुमान है कि फरवरी महीने में मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहेगा.