बनारस से नोएडा तक बदला मौसम, प्रदेश में आज फिर आंधी-पानी का अलर्ट; जानें अपने शहर का हाल
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बाद प्री-मानसून बारिश और आंधी-पानी का अलर्ट जारी है. मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया है, जिससे तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिली है. हालांकि, जून में फिर से गर्मी बढ़ने और सामान्य से कम बारिश का अनुमान है. नागरिक सावधान रहें और मौसम अपडेट्स पर ध्यान दें.
करीब महीने भर की भीषण गर्मी के बाद उत्तर प्रदेश का मौसम अब थोड़ा बदल गया है. प्रदेश में बीते 24 घंटे से प्री-मानसून की बारिश हो रही है. भारतीय मौसम विभाग ने आज फिर पूरे प्रदेश में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक रविवार को भी प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में कहीं आंधी-तूफान तो कहीं बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है. इस दौरान कई जिलों में बिजली कड़कने के भी आसार हैं.
हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने संबंधित जिलों के प्रशासन को भी अलर्ट किया है. मौसम विभाग ने अपने ताजा बुलेटिन में संभावना जताई है कि शनिवार को पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी पानी का दौर जारी रहेगा. इस दौरान कई जगह गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. वहीं कुछ जिलों में आंधी तूफान का भी अलर्ट है. मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं. इसी प्रकार रविवार को भी प्रदेश में मौसम खराब रह सकता है.
इन जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने 20 से अधिक जिलों में आंधी तूफान का रेड अलर्ट जारी किया है. इनमें चित्रकूट, बांदा, कौशांबी, फतेहपुर, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, भदोही, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, लखीमपुर खीरी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, शामली, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, मुजफ्फरनगर, कासगंज, एटा, आगरा, मैनपुरी, इटावा आदि जिले शामिल हैं. इनके अलावा औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, फिरोजाबाद, बरेली, रामपुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर के लिए भी मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है.
बलिया बनारस में झमाझम बारिश
शुक्रवार को पूर्वांचल के बलिया, गाजीपुर, मऊ और बनारस, आजमगढ़ समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई. वहीं कुछ जिलों में हल्की बारिश दर्ज हुई है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में बूंदाबांदी हुई. इसकी वजह से तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है. वहीं पूर्वा हवाओं की वजह से लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली. मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश के सीतापुर, झांसी और बदायूं आदि जिलों में ओलावृष्टि हुई है.
जून में फिर बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक प्री-मानसून की बारिश का प्रभाव 31 मई तक रह सकता है. संभावना है कि 1 जून से फिर गर्मी बढ़ेगी. मौसम विभाग के पूर्वांनुमान के मुताबिक 3 और 4 जून तक पारा एक बार फिर 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है. मौसम विभाग ने ताजा परिस्थितियों के आधार पर दावा किया है कि इस साल जून और जुलाई महीने में सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश हो सकती है.
