बनारस-गोरखपुर से लेकर मेरठ-मुरादाबाद तक गलन, क्या UP में फिर होने वाली है बारिश? जानें आज का मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है, जिससे गलन और ठंड बढ़ी है. पश्चिमी विक्षोभ के बाद तापमान में गिरावट आई है. मौसम विभाग ने 31 जनवरी को घना कोहरा और 1 से 3 फरवरी तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है. बनारस से मेरठ तक सर्द हवाओं और धुंध का असर रहेगा, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.

यूपी के मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश का मौसम एक बार फिर से करवट ले रहा है. रविवार की सुबह कहीं हल्का तो कहीं मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा. शनिवार की रात से ही हवाओं में गलन और ठंड का एहसास हो रहा है. इसकी वजह से रात में तापमान डेढ़ से दो डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने आज यूपी के कई जिलों में ठंड और कोहरे का अलर्ट जारी किया है. इसी के साथ मौसम विभाग ने प्रदेश में फिर से बारिश की संभावना भी जताई है. यह स्थिति अगले 2-3 दिनों तक बनी रह सकती है.

भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा इनपुट के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ गुजर चुका है. वहीं पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और उधर से चल रही सर्द हवाओं की वजह से उत्तर प्रदेश के तराई वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है. शुक्रवार और शनिवार को राजधानी लखनऊ, अयोध्या, बनारस, नोएडा, गाजियाबाद समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तेज धूप तो निकली, लेकिन सर्द हवाओं की वजह से बाहर बैठना मुश्किल हो गया. वहीं शाम ढलने के साथ इन सर्द हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया.

होने वाली है बारिश

भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश में एक बार फिर बारिश की संभावना जताई है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक ताजा वायुमंडलीय परिस्थितियों की वजह से प्रदेश के अधिकांश जिलों में एक से तीन फरवरी तक बारिश हो सकती है. वहीं वायुमंडलीय स्थिरता बढ़ने की वजह से 31 जनवरी को प्रदेश के दो दर्जन से अधिक जिलों में घना कोहरा भी छा सकता है. ऐसे में प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में डेढ़ से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक 3 फरवरी के बाद तापमान में बढ़ोतरी के साथ वायुमंडलीय अस्थिरता बढ़ेगी. इससे कोहरा साफ हो जाएगा.

इन जिलों में दिखेगा असर

मौसम विभाग के मुताबिक आज पूर्वांचल के जिलों में 100 से 500 मीटर की दृष्यता वाला कोहरा छा सकता है. वहीं सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से सर्द हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान प्रदेश के दोनों हिस्सों में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक 2 फरवरी को प्रदेश के दोनों हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कहीं कहीं बारिश हो सकती है. आज कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच के अलावा आसपास के जिलों में कोहरे का असर देखने को मिल सकता है; इसी प्रकार सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद, बागपत, बिजनौर, मुजमुफ्फरनगर, संभल, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बदायूं, शाहजहांपुर, सीतापुर, अयोध्या आदि जिलों में आसमान साफ रह सकता है.