क्या नहीं तपेगा नौतपा? UP में बदला मौसम, आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट, जानें अपने जिले का हाल
नौतपा की शुरुआत में ही उत्तर प्रदेश का मौसम बदल गया है. भारतीय मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में भीषण आंधी, तूफान, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं. लोगों को मौसम की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है.
नौतपा शुरू हुए अभी दो दिन भी नहीं हुए कि भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में भीषण आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है. भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि प्रदेश के कई जिलों में अचानक मौसम बदल गया है. हालात को देखते हुए विभाग ने ‘नाउकास्ट’ (Nowcast) अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटों में राज्य के कहीं तेज आंधी के साथ बारिश होगी तो कहीं आकाशीय बिजली गिरने के साथ ओलावृष्टि (Hailstorm) हो सकती है.
मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा, सिद्धार्थ नगर और बलरामपुर समेत कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. कहा गया है कि इन जिलों में 60 से 80 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से विनाशकारी आंधी चल सकती है. इन जिलों में तेज बारिश और ओले गिरने (ओलावृष्टि) की आशंका है. इसी प्रकार बलिया, आजमगढ़, मऊ, अंबेडकर नगर, अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर, बहराइच, महाराजगंज, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी आदि जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों में भी बदला मौसम
इन जिलों में भी 40 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के आसार हैं. इनमें कई जगह गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं लखनऊ, गाजीपुर, हाथरस, कासगंज, हरदोई, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, अलीगढ़, बदायूं, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, संभल और अमरोहा आदि जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में भी 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवा चलने और बूंदाबादी के आसार हैं.
आंधी में बरतें सावधानी
संभावित परिस्थितियों को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश वासियों को सावधानी बरतने की अपील की है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आंधी-तूफान के समय पेड़ों और बिजली के खंभों के गिरने का खतरा प्रबल है. ऐसे में आंधी पानी से बचाव के लिए पेड़ या पोल के नीचे ना खड़े हों. मौसम विभाग ने लोगों को आंधी पानी के वक्त अपने घरों में सुरक्षित रहने की अपील की है. इसी के साथ आकाशीय बिजली चमकने के समय घर में विद्युत उपकरणों को बंद करने का सुझाव दिया है.
