अब बलिया बनारस में भी बिगड़ा मौसम, आज UP के 30 जिलों में तूफान के आसार; जानें क्या होगा आगे

पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में आज तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं. बुधवार को हुई आंधी बारिश की वजह से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में फसलों को भारी नुकसान हुआ है, खासकर गेहूं, अरहर और सरसों की फसलें प्रभावित हैं. इसी प्रकार आज पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी तूफान के आसार हैं. मौसम विभाग ने 22 मार्च तक ऐसी स्थिति बने रहने का अलर्ट जारी किया है.

यूपी में बदल रहा मौसम का मिजाज Image Credit:

वायुमंडल में सक्रिय नए पश्चिमी विक्षोभ ने उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ती गर्मी को भले ही थाम लिया हो, लेकिन तीन दिन से चल रहे आंधी-पानी और तूफान से किसान की जान हलक में अटक गई है. बुधवार को आगरा से लेकर नोएडा-गाजियाबाद तक तेज आंधी और झमाझम बारिश हुई. इससे खेतों में खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ. आज बलिया-बनारस से लेकर अयोध्या-लखनऊ तक तूफान के साथ बारिश का अलर्ट है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज छिटपुट बारिश होगी, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश के आसार है. प्रदेश में यह स्थिति 22 मार्च तक रह सकती है.

इस दौरान प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि होने की पूरी संभावना है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक नवरात्र के पहले दिन आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, बिजनौर, बदायूं, बरेली और संभल आदि जिलों में तेज बारिश हो सकती है. इसी प्रकार पूर्वांचल के बनारस, प्रयागराज, गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, अयोध्या, जौनपुर और लखनऊ समेत अन्य जिलों में भी तेज आंधी के साथ बारिश के आसार हैं.

फसलों को ज्यादा नुकसान

बेमौसम की इस बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिल गई, लेकिन यही बारिश और ओलावृष्टि खेतों में तैयार खड़ी फसलों पर कहर बनकर टूट रही है. इस समय खेत में गेंहू और अरहर की फसल तैयार खड़ी है. आम और लीची की फसल पर भी फूल आए हुए हैं. बारिश के साथ तेज आंधी की वजह से यह पूरी फसल गिरने की आशंका जताई जा रही है. वहीं खलिहानों में पड़ी सरसों की फसल को भी इस आंधी पानी से बहुत नुकसान होने के आसार हैं. ऐसे में आसमान में बादल छाए देखकर किसानों की जान हलक में आ गई है.

नोएडा गाजियाबाद में अफरा-तफरी

बुधवार की रात नोएडा-गाजियाबाद से लेकर मेरठ-मुरादाबाद तक अचानक मौसम बदलने की वजह से अफरा तफरी मच गई. अचानक से तेज आंधी शुरू हुई और देखते ही बारिश होने लगी. यह स्थिति करीब डेढ़ घंटे तक बनी रही. तूफान की वजह से कहीं विज्ञापन होर्डिंग्स हवा में उड़ गए तो कई इलाकों में टीन-टप्पर भी उड़ जाने की सूचना है. रात में 9-10 बजे तक होती रही इस बारिश की वजह से सड़कों पर जगह जगह जाम भी लगा. इस आंधी पानी की वजह से उत्तर प्रदेश का तापमान गिर कर 28 से 31 डिग्री सेल्सियस हो गया है. वहीं न्यूनतम तापमान भी 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास है.

Follow Us