सबसे ठंडा बरेली, झांसी में चली बसंती बयार; तापमान बढ़ने के साथ UP से विदा हुई सर्दी
उत्तर प्रदेश में सर्दी का मौसम अब विदा हो रहा है, 'बसंती बयार' ने दस्तक दे दी है. इसकी वजह से दिन का तापमान बढ़ रहा है और कोहरा छंट गया है. हालांकि पछुआ हवाओं की वजह से रातें अभी भी सर्द हैं. शनिवार को बरेली सबसे ठंडा और झांसी सबसे गर्म दर्ज किया गया. यह मौसम में बदलाव गेहूं, सरसों और आम की फसलों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो रहा है.
उत्तर प्रदेश में मौसम ने सर्दी का चोला उतार दिया है. तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. कोहरा भी अब पूरी तरह छंट चुका है. हालांकि अभी भी उत्तर पश्चिम दिशा से सर्द हवाएं चल रही हैं. इनकी वजह से रातें ठंडी हो रही है. वहीं सुबह होते धूप खिलने और चटखदार धूप होने की वजह से दिन गर्म होने लगे हैं. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही प्रदेश में बसंती बयार चलने लगी है. मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है.
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को प्रदेश में सबसे ठंडा बरेली रहा. यहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया. वहीं प्रदेश में सबसे गर्म झांसी रहा. इस जिले में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक आज रविवार को भी मौसम में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है.
आज दिन गर्म, लेकिन रात में होगी ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक आज रविवाद को दिन में चटखदार धूप होगी. इससे दिन का तापमान अपेक्षाकृत बढ़ा रहेगा. वहीं पछुआ हवाओं की वजह से रात में ठंड बढ़ सकती है. हालांकि न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग को अनुमान है कि आज हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है. इससे कोहरा पूरी तरह से साफ हो जाएगा. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक यूपी में ऐसा ही मौसम बना रहेगा. इस हफ्ते प्रदेश में कहीं बारिश का भी कोई अलर्ट नहीं है.
फसलों के लिए अच्छा संकेत
कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक इस बार ठंड अच्छी पड़ी है. इससे फसलों को तैयार होने का मौका मिल गया है. वहीं बड़े समय से मौसम में बदलाव हुआ है. इससे खासतौर पर आम की पैदावार खूब होने की उम्मीद है. कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक मौसम में हुए इस बदलाव से आम के पेड़ों पर बौर आने शुरू हो जाएंगे. वहीं खेतों में सरसों की फसल पकनी शुरू हो गई है. यह मौसम गेंहू की फसल के लिए भी काफी अच्छा है.
