अयोध्या में मछली भोज को लेकर कांग्रेस पर बरसे CM योगी, बोले- गिरगिट भी शरमा जाए

अयोध्या में कांग्रेस नेताओं के कथित मछली भोज को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस नेता एक तरफ हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन करते हैं, वहीं दूसरी तरफ मछली भोज में शामिल होकर दोहरा आचरण दिखाते हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर मछली खानी थी तो अयोध्या के बाहर जाकर खाते. योगी ने कांग्रेस पर सांस्कृतिक विरासत के अपमान का आरोप लगाया. वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी इसे सनातन परंपराओं और धार्मिक भावनाओं का अपमान बताते हुए कांग्रेस से माफी की मांग की.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ Image Credit:

अयोध्या में कांग्रेस नेताओं की ओर से आयोजित कथित मछली भोज को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. सीएम योगी ने कांग्रेस के कथित दोहरे आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ पार्टी के नेता अयोध्या में हनुमानगढ़ी के दर्शन करते हैं और दूसरी तरफ मछली भोज की दावत उड़ाते हैं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के लोग एक तरफ राम-राम चिल्लाते हैं और बजरंगबली के मंदिर में दंडवत होने का ढोंग करते हैं, जबकि दूसरी तरफ बाहर जाकर मछली की दावत उड़ाते हैं. उन्होंने इसे कांग्रेस का दोहरा आचरण बताया.

‘मछली खानी थी तो अयोध्या के बाहर जाकर खाते’

सीएम योगी ने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए कहा, ‘किसने कहा था हनुमानगढ़ी जाने के लिए और मछली खानी थी तो अयोध्या के बाहर जाकर खा लेते.’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया उसकी कथित दोहरी राजनीति को दर्शाता है. मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के नेता धार्मिक आस्था से जुड़े स्थान पर एक तरह का व्यवहार करते हैं और उसके बाद अलग तरह की गतिविधियां करते हैं.

‘गिरगिट भी शरमा जाता होगा’

मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस के इस कथित दोहरे आचरण पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि गिरगिट भी शरमा जाता होगा इन्हें देखकर कि मनुष्य के रूप में ये कौन सी प्रजाति आ गई है. उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस नेता अयोध्या में राम का नाम लेते हैं और हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के सामने दंडवत होने का प्रदर्शन करते हैं, वहीं दूसरी तरफ मछली भोज में शामिल होते हैं. सीएम ने इसे कांग्रेस की राजनीतिक सोच और उसके व्यवहार के बीच विरोधाभास बताया.

‘विरासत का अपमान करती है कांग्रेस’

सीएम योगी ने कांग्रेस पर देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का अपमान करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि जब देश को एकजुट होकर अपनी लड़ाई आगे बढ़ानी है, तब ऐसे आचरण से समाज में गलत संदेश जाता है. मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के लोग विरासत का अपमान करने से भी पीछे नहीं हटते. उन्होंने कांग्रेस के धार्मिक स्थलों पर जाने और उसके बाद होने वाले आयोजनों को लेकर सवाल उठाया.

बीजेपी ने भी कांग्रेस पर साधा निशाना

मछली भोज के मुद्दे पर भाजपा नेताओं ने भी कांग्रेस पर हमला बोला है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसे सनातन का अपमान बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि पवित्र श्रावण मास में अयोध्या धाम में कांग्रेस नेताओं की ओर से मछली भोज का आयोजन धार्मिक भावनाओं के खिलाफ है.

पंकज चौधरी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हिंदू समाज की धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक मूल्यों के अपमान से जुड़ा रहा है. उन्होंने कांग्रेस से इस कथित कृत्य के लिए संत समाज और देशवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की.

क्या है पूरा मामला

दरअसल, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार को अयोध्या पहुंचे. यहां उन्होंने हनुमानगढ़ी में हनुमान चालीसा का पाठ किया. फिर रामलला के दर्शन किए. इसके बाद अजय राय गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के तारुन बाजार में हुए कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए. इस सम्मेलन में मछली भोज कराया गया. यह सम्मेलन हाल ही में भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए राम निहाल निषाद ने कराया. विवाद होने उन्होंने कहा कि संविधान में कहीं नहीं लिखा है कि सावन में मछली नहीं खाई जाती, हम संविधान का पालन कर रहे हैं.

Follow Us