खादी के कपड़ों पर 30 जनवरी तक 25% छूट, गांधी जयंती पर CM योगी का ऐलान
महात्मा गांधी जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से खादी के कपड़े खरीदने और इसे जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि खादी और स्थानीय उत्पादों को अपनाने से कारीगरों, बुनकरों और हस्तशिल्पियों को प्रोत्साहन मिलेगा. गांधी जयंती के मौके पर घोषित 25 फीसदी की छूट 30 जनवरी 2027 तक जारी रहेगी.
महात्मा गांधी जयंती के मौके पर उत्तर प्रदेश में खादी के वस्त्रों पर 25 फीसदी की विशेष छूट दी जाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को ऐलान किया कि खादी पर यह छूट 30 जनवरी 2027 तक जारी रहेगी. उन्होंने प्रदेशवासियों से खादी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महात्मा गांधी की 157वीं और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के मौके पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए.
इस दौरान सीएम योगी ने हजरतगंज स्थित गांधी आश्रम में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री भवन पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री जी को नमन किया. गांधी आश्रम में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं है, बल्कि स्वदेशी का मंत्र है, चरखा आत्मनिर्भरता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के स्वदेशी से स्वावलंबन का विचार आज भी प्रासंगिक है और यही विकसित भारत की आधारशिला बनेगा.
बापू ने स्वतंत्रता आंदोलन को बनाया जन आंदोलन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने से कारीगरों, हस्तशिल्पियों और बुनकरों के हुनर को सम्मान मिलेगा और उन्हें बाजार भी उपलब्ध कराया जा सकेगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल टू ग्लोबल’ के आह्वान का भी जिक्र किया. सीएम योगी ने महात्मा गांधी के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को याद करते हुए कहा कि दक्षिण अफ्रीका में गांधी जी ने अन्याय, शोषण और रंगभेद के खिलाफ आवाज उठाई.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत लौटने के बाद उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन का लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से नेतृत्व किया… गांधी जी ने स्वतंत्रता आंदोलन को जन आंदोलन का स्वरूप दिया और देश के गांव-गांव के लोगों को इससे जोड़ा. उन्होंने कहा कि गांधी जी के स्वच्छता, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचार आज भी प्रासंगिक हैं.
ग्राम सचिवालयों से ग्राम स्वराज की परिकल्पना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वच्छ भारत अभियान और ग्राम सचिवालयों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि देशभर में बने करोड़ों शौचालयों ने स्वच्छता के साथ नारी सम्मान और अच्छे स्वास्थ्य की दिशा में काम किया है. उन्होंने कहा कि ग्राम सचिवालयों की स्थापना के जरिए गांवों में ही लोगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की कोशिश की जा रही है. योगी ने कहा कि यह महात्मा गांधी की ग्राम स्वराज की परिकल्पना को आगे बढ़ाने का काम है.