मामूली बहस में इंजीनियर पर चढ़ाया कार, कई मीटर तक घसीटा; वीडियो में दिखी हैवानियत

मथुरा में एक खौफनाक वारदात हुई, जहां एक मामूली बहस के बाद कार चालक ने इंजीनियर विक्रांत भारती को अपनी गाड़ी से टक्कर मारी और कई मीटर तक घसीटता रहा. इस दर्दनाक हादसे में इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हैं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें आरोपी की कार का नंबर दिख रहा है. पुलिस आरोपी की तलाश और जांच में जुटी है.

हादसे का वायरल वीडियो Image Credit:

उत्तर प्रदेश में कान्हा की नगरी मथुरा के व्यस्त मसानी चौराहे पर इंसानियत को तार-तार कर देने वाली खौफनाक वारदात हुई है. यहां एक मामूली बहस के बाद बेखौफ बदमाश ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (छाता) में तैनात अवर अभियंता विक्रांत भारती को पहले कार से टक्कर मार दी, फिर सड़क पर उन्हें कई मीटर तक घसीटते चला गया. इस दर्दनाक हादसे में इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. मौके पर मौजूद लोगों ने आनन फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक है.

इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो में आरोपी की कार का नंबर साफ दिखाई दे रहा है. इस नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी और उसकी गाड़ी की पहचान में जुटी है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा मसानी चौराहे के पास का है. यहां कार चालक और अवर अभियंता विक्रांत भारती के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी कार चालक आपा खो बैठा और उसने इंजीनियर के ऊपर गाड़ी ही चढ़ा दी.

चालक ने दिखाई हैवानियत

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक अचानक आरोपी ने कार चला दी और। विक्रांत कार की चपेट में आ गए. इसके बाद आरोपी ने गाड़ी रोकी नहीं, बल्कि रफ्तार बढ़ाता चला गया. इसकी वजह से कार के साथ विक्रम भी काफी दूर तक घिसटते चले गए. सड़क पर खड़े लोगों ने यह नजारा देखा और इंजीनियर को बचाने दौड़े, लेकिन कुछ दूर आगे जाकर विक्रम सड़क पर गिर गए और कार चालक तेजी से गाड़ी चलाते हुए फरार हो गया.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अवर अभियंता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. घटना से गुस्साए सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मसानी चौराहे व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है और उसके खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

Follow Us