मेरठ: जहरीली शराब नहीं, साइनाइड से हुई थी तीनों मौतें; सगी बहन ने BF से कराई थी भाई की हत्या
उत्तर प्रदेश के मेरठ में तीन लोगों की संदिग्ध मौत का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. जिसे पहले जहरीली शराब समझा जा रहा था, वह असल में साइनाइड poisoning था. एक मृतक की बहन ने ही अपने प्रेमी संग मिलकर भाई को रास्ते से हटाने के लिए शराब में साइनाइड मिलाकर दिया, जिससे भाई समेत दो अन्य की भी मौत हो गई. प्रेम संबंध में बाधा और घरेलू हिंसा हत्या की मुख्य वजह बनी. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के मेरठ में तीन लोगों संदिग्ध मौत केस में सनसनीखेज खुलासा हो गया है. मेरठ के दौराला में हुई तीनों मौतों की वजह शराब में साइनाइड की मिलावट के रूप में सामने आई है. यह साइनाइड एक मृतक की सगी बहन ने ही अपने प्रेमी से कहकर मिलवाया और बहाने से अपने भाई को पिलवा दिया. इन तीनों मौतों के बाद जहरीली शराब का मामला सामने आने के बाद प्रदेश में हड़कंप मच गया था, लेकिन अब मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग ने राहत की सांस ली है.
पुलिस ने इस मामले में एक मृतक की बहन अलका, उसके प्रेमी पवन और साइनाइड बेचने वाले सुनार अशोक को गिरफ्तार कर लिया है. मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय के मुताबिक यह वारदात तीन अप्रैल की रात का है. शराब पीने के बाद इस गांव में रहने वाले अंकित उर्फ दौलत, बाबूराम और जितेंद्र की मौत हो गई थी. शवों के पोस्टमार्टम में पता चला है कि मौत जहरीली शराब से नहीं, बल्कि साइनाइड से हुई थी. साइनाइड मिला शराब अंकित की बहन के प्रेमी पवन ने दिया था और फिर अंकित के साथ बाबूराम और जितेंद्र ने पी लिया, जिससे उनकी भी मौत हो गई.
इसलिए रची खौफनाक साजिश
पुलिस की पूछताछ में अलका ने बताया कि वह पवन से प्यार करती थी, लेकिन अंकित इसमें बाधा बन रहा था. आए दिन वह शराब पीकर इसी बात के लिए उसके साथ मारपीट करता था. यहां तक कि एक बार उसने उसकी इज्जत पर भी हाथ डाला. रोज रोज की इस किचकिच से परेशान होकर उसने प्रेमी पवन के साथ मिलकर भाई अंकित की हत्या का प्लान बनाया. फिर एक दिन मौका मिलने पर इस वारदात को अंजाम दे दिया.
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
अलका के कहने पर पवन ने गूगल सर्च के माध्यम से साइनाइड का जुगाड़ किया. गूगल पर उसे पता चला कि गहनों की सफाई के लिए साइनाइड का इस्तेमाल होता है. इस जानकारी पर वह सोनार अशोक से 500 रुपये में साइनाइड खरीदा और 100 रुपये में शराब खरीद कर उसमें मिला दिया. इतने में अलका ने उसे अपने भाई की लोकेशन उसे बताई तो वह अंकित के पास पहुंचा और बहाने से उसे शराब दे दिया. शराब पाकर अंकित भी खुश हो गया और अपने साथियों बाबूराम और जितेंद्र के साथ बैठकर पी लिया. इससे थोड़ी ही देर में तीनों की मौत हो गई.
पुलिस को गुमराह करती रही अलका
पुलिस की पूछताछ में पवन ने तुरंत वारदात को कबूल लिया, लेकिन उसकी प्रेमिका अलका काफी देर तक पुलिस को गुमराह करती रही. बल्कि वह तो पवन के साथ अपने रिश्ते को भी नकार रही थी. ऐसे में पुलिस ने घटना से जुड़े कॉल रिकॉर्डिंग, जीपीएस लोकेशन तमाम सबूत उसके सामने रखे और इन सबूतों के आधार पर पूछताछ की. इसमें अलका टूट गई और वारदात कबूल करते हुए इसकी वजह भी बयां कर दिया.