शराब से नहीं…. तो कैसे हुई मेरठ में तीन लोगों की मौत? मामले में नया मोड़, SP-DM तक जांच में जुटे
मेरठ में शराब पीने के बाद तीन लोगों की दुखद मौत हो गई. परिजन इसे जहरीली शराब का मामला बता रहा हैं. हालांकि, पुलिस और अन्य अधिकारियों को शक है कि शराब पीने से इनकी मौत नहीं हुई है कोई अन्य कारण भी हो सकता है. SSP ने साफ कहा है कि शराब से मौत की पुष्टि नही हुई है.
मेरठ में दौराला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को शराब पीने से तीन युवकों की मौत हो गई. घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा है और परिजन इसे जहरीली शराब का मामला बताकर हंगामा कर रहे हैं. वहीं, अब मामले में नया मोड़ आया है, पुलिस और अन्य अधिकारियों को शक है कि शराब पीने से इनकी मौत नहीं हुई है, कोई अन्य कारण भी हो सकता है.
दौराला कस्बे के रहने वाले जितेंद्र, दौलत और बाबूराम की शराब पीने से अचानक मौत हो गई. तीनों ने शराब दौराला के सरधना रोड पर ठेके से खरीदी थी. इसको लकेर देर रात तक परिजनों ने हंगामा किया. सूचना मिलने पर पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे, खुद ADG जोन भानु भास्कर भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की.
मौके से बंटी जीरा’ शराब का टेटरा पैक मिला
मृतक बाबूराम प्रजापति दौराला में सरसों की पेराई का काम करते थे. उनके बेटे के मुताबिक, मृतक में से एक जितेंद्र कुमार भी यहीं काम करते थे. घटना के दिन तीसरा अंकित कुमार सरसों का तेल लेने पहुंचा था, जिसने अपने साथ एक शराब का पाउच लाया था. इसके बाद तीनों ने शराब पी, लेकिन अचानक तीनों के पेट में दर्द हुआ और वे बेहोश हो गए थे.
सबसे पहले बाबूराम के बेटे ने तीनों को बेहोश हालत में देखा और अनन-फानन में अस्पताल पहुंचा, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई. इन्होंने ठेके से ‘बंटी जीरा’ शराब का टेटरा पैक खरीदा था. देर रात एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर बाबूराम की रिया स्पेलर और आटा चक्की का निरीक्षण किया. एडीजी ने इस दौरान मौके पर शराब के वह टेटरा पैक भी देखे.
शराब से मौत की पुष्टि नहीं- SSP अविनाश पांडे
हालांकि, पुलिस और अन्य अधिकारियों को शक है कि शराब पीने से इनकी मौत नहीं हुई है कोई अन्य कारण भी हो सकता है. एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि शराब से मौत की पुष्टि नही हुई है. उनका कहना है कि तीनों व्यक्तियों ने जो शराब पी है, ठेके से उसकी 9 पेटियां बिकी हैं. कही और से किसी की तबीयत बिगड़ने की शिकायत अभी तक नहीं आई है.
फिलहाल सभी शराब जब्त कर ली गई है और ठेके को सील कर दिया गया है. परिजनों का आरोप है कि शराब में इंजेक्शन से कुछ जहरीला पदार्थ मिला गया होगा. वहीं, डीएम और एसएसपी ने अस्पताल पहंचकर मामले में डॉक्टरों से भी बात की है. बहरहाल, पूरे मामले की जांच जारी है, आबकारी की टीम जांच कर रिपोर्ट देगी, उसके बाद कुछ कहा जा सकेगा.