UGC पर केशव मौर्य से सवाल किया तो BJP पार्षद ने जड़ दिया थप्पड़, अब FIR दर्ज

प्रयागराज में उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य से UGC पर सवाल पूछने पर एक कार्यकर्ता को बीजेपी पार्षद ने थप्पड़ मार दिया. घटना का वीडियो वायरल हुआ. अब इस मामले में बीजेपी पार्षद समेत 3-4 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है.

UGC के सवाल पर थप्पड़ मारने वाले BJP पार्षद पर FIR

प्रयागराज में बीजेपी के प्रबुद्ध सम्मेलन के दौरान UFC के इक्विटी नियमों को लेकर सवाल करना एक पार्टी कार्यकर्ता को भारी पड़ गया. आरोप है कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से सवाल पूछने पर बीजेपी पार्षद विनय मिश्रा ने कार्यकर्ता रोहित तिवारी उर्फ काका को थप्पड़ मार दिया. इस मामले में बीजेपी पार्षद विनय मिश्रा के खिलाफ अब FIR दर्ज हुई है.

घटना रविवार को प्रयागराज के परेड ग्राउंड में आयोजित बीजेपी के प्रबुद्ध सम्मेलन की है. कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य संबोधित कर रहे थे. इस घटना का वीडियो वायरल है. बीजेपी के विधायक हर्षवर्द्धन बाजपेयी ने भी कार्यकर्ता के पक्ष में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिससे यह मामला और गरमा गया.

आप हमारे बारे में कब बोलेंगे? इसी पर बवाल

कार्यक्रम के दौरान जब मौर्य मंच पर संबोधित कर रहे थे, दोनों व्यक्तियों ने आवाज लगाकर पूछा, ‘आप हमारे बारे में कब बोलेंगे? कृपया यूजीसी के बारे में बोलिए.’ इस पर केशव प्रसाद मौर्य ने उन्हें शांत रहने को कहा. वायरल वीडियो में मौर्य कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘अभी आप चुप रहो, चलो. मैं सब कुछ बोलूंगा. मैं कोई चीज बोलने से कभी नहीं रुकता हूं.’

इस बातचीत के दौरान वहां मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप किया और दोनों को कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया. इसी बीच बीजेपी पार्षद विजय मिश्रा उनकी ओर दौड़े और रोहित तिवारी को पकड़कर थप्पड़ जड़ दिया. इसके बाद मौके पर हंगामा मच गया. यहां तक की पार्टी के एक विधायक ने बीजेपी पार्षद के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की थी.

UGC का विरोध करना हर सवर्ण का हक- MLA

घटना के बारे में मंगलवार को इलाहाबाद उत्तर के बीजेपी विधायक हर्षवर्द्धन बाजपेयी सोशल मीडिया पोस्ट लिखा कि, ‘UGC का विरोध करना हर ब्राह्मण/ सवर्ण का हक है. जिन लोगों ने अपना नंबर बढ़ाने के लिए अपने समाज के लोगों पर ही कल हिंसा करी है, वो जान लें कि कोई अपने बच्चे का नाम विभीषण नहीं रखता.’

बीजेपी पार्षद समेत 3-4 अज्ञात लोगों पर FIR

विवाद बढ़ने के बाद सोमवार शाम पार्टी कार्यकर्ता रोहित तिवारी उर्फ ​​काका ने बीजेपी पार्षद विनय मिश्रा के खिलाफ प्रयागराज के दारागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई. इसमें बीजेपी पार्षद विजय मिश्रा समेत 3-4 अज्ञात लोगों के नाम शामिल है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में BNS की धारा 115 (2), 352 और 351 (3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है.

Follow Us