5 महीने पहले बेटी की मौत, तब से लाश के पास ही सोया पिता; हैरान कर देगी ये डेथ मिस्ट्री
मेरठ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पिता अपनी मृत बेटी के शव के साथ पांच महीने तक घर में रहा. शव से बदबू आने पर वह परफ्यूम छिड़कता था. पुलिस ने सूचना मिलने पर कंकाल बरामद किया है. युवती की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सच्चाई सामने आएगी. यह घटना सभी को हैरान कर रही है.
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां पांच महीने पहले एक युवती की मौत हुई और तब से युवती के शव के साथ ही उसका पिता रह रहा था. वहीं जब शव से बदबू उठने लगी और लगा कि आसपास के लोगों को भनक लग जाएगी, ऐसे में वह परफ्यूम छिड़ककर बदबू मिटा देता था. यह दिल दहलाने वाली खबर मेरठ में सदर थाना क्षेत्र की है. हालांकि किसी माध्यम से यह खबर पुलिस कंट्रोल रूम डायल 112 को मिली. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती का शव बरामद किया है.
इतने समय शव से मांस बुरी तरह से सड़ कर गल चुका था. केवल कंकाल ही शेष बचा था. पुलिस ने इसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक अभी तक साफ नहीं हो सका है कि युवती की मौत कब और कैसे हुई. युवती के पिता से पूछताछ में इतना पता चला है कि युवती बीमार थी और पांच महीने पहले उसकी मौत हुई थी, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा जांच से ही इस डेथ मिस्ट्री का खुलासा हो सकेगा.
बंगाल का रहने वाला है परिवार
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले उदयभानु बिस्वास काफी समय से अपनी पत्नी और बेटी प्रियंका के साथ सदर थाना क्षेत्र में रहते थे. उनकी पत्नी ने काफी समय पहले किसी कारणवस सुसाइड कर लिया था. ऐसे में घर में उदयभानु और बेटी प्रियंका बिस्वास ही रह गए थे. प्रियंका पहले किसी स्कूल में पढ़ाती थी. उदयभानु ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि कुछ समय से प्रियंका बीमार रहने लगी और इसी बीमारी की वजह से पांच महीने पहले उसकी मौत हो गई.
ऐसे छिपाया बेटी की मौत
मां की मौत के बाद प्रियंका गुमसुम रहती थी. रिश्तेदारों से भी बहुत कम बोलती थी. घर में पड़ोसियों और रिश्तेदारों का आनाजाना खूब था. पांच महीने पहले जब से घर में प्रियंका नजर नहीं आई तो लोग उसके बारे में पूछते थे. ऐसे में उदयभानु यह कहकर बात टाल देता था कि वह देहरादून में नौकरी कर रही है. हालांकि लगातार उसके नजर नहीं आने पर लोगों को शक हो गया. शुक्रवार की देर शाम प्रियंका का चचेरा भाई यहां आया था, उसने घुमाफिराकर उदयभानु से प्रियंका के बारे में पूछा. इस दौरान उदयभानु ने खुलासा कर दिया कि उसकी मौत हो चुकी है और शव घर में है. इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई.
कर चुका है श्राद्ध
पुलिस के मुताबिक कुछ समय पहले उदयभानु घर में ताला लगाकर हरिद्वार गया था. बताया जा रहा है कि वहां उसने पत्नी और बेटी का श्राद्ध भी कर दिया. चूंकि इस बीच एक हफ्ते लग गए और वह वापस लौटा तो शव सड़ चुका था. ऐसे में उदयभानु बाजार से परफ्यूम खरीद कर लाया और शव पर छिड़ककर बदबू मिटाने की कोशिश की. फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भ्धेज दिया है. मेरठ में डिप्टी एसपी नवीन शुक्ला के मुताबिक प्रियंका की मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम के बाद ही हो सकेगा.