मेरठ में फिर गैंगवार…देर रात अचानक तड़तड़ाई बंदूकें, 50 राउंड हुई फायरिंग; दहशत में लोग

मेरठ के राहवती गांव में दो आपराधिक गिरोहों के बीच मंगलवार को फायरिंग हुई. इस घटना में 50 से अधिक राउंड फायर किए गए और दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी गईं. पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों गिरोहों के बीच पुरानी रंजिश है. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है और दोनों गुटों के बदमाशों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है.

सांकेतिक फोटो Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मेरठ में लंबे समय बाद एक बार फिर अशांति की स्थिति बनी है. मंगलवार की देर शाम यहां एक बार फिर गैंगवार हुआ. दोनों पक्षों की ओर से क्रास फायरिंग हुई. इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. लोगों ने डर के मारे अपने घरों के खिड़की दरवाजे बंद कर लिए. सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची, लेकिन उस समय तक दोनों पक्ष के बदमाश फरार हो चुके थे. ग्रामीणों के मुताबिक दोनों पक्ष के एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने एक दूसरे के ऊपर 50 राउंड से अधिक फायरिंग की.

मामला मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र में राहवती गांव का है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दावा किया कि घटना स्थल से केवल 4 खोखे मिले हैं. पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों ही पक्ष आपराधिक गिरोह से संबंध रखते हैं और दोनों में पुरानी रंजिश है. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार की शाम को गांव में शांति थी. अचानक से एक गिरोह की ओर से फायरिंग शुरू हुई. लोगों को कुछ समझ में आता, इससे पहले दूसरे पक्ष से भी फायरिंग का जवाब फायरिंग से मिलने लगा.

दो बाइक में आग भी लगाई

दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर 50 राउंड से अधिक फायरिंग की. यही नहीं, मौके पर खड़ी दो मोटर साइकिलों में भी आग लगा दिया. इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. अपने घरों के बाहर जो लोग बैठे थे, भागकर अपने अपने घरों में घुस गए और खिड़की दरवाजे बंद कर लिए. इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही मवाना और बहसूमा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. इतने में महकमे के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की.

बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

ग्रामीणों के मुताबिक इन दोनों गुटों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही है और पहले भी इनके बीच कई बार झड़प हो चुकी है. पुलिस के मुताबिक घटना के संबंध में ग्रामीणों से गहन पूछताछ की गई है. इसमें पता चला है कि दोनों ही पक्षों के लोग आपराधिक गिरोहों से संबंध रखते हैं. इनके गिरोहों के बीच पहले भी कई बार गैंगवार हुए हैं. फिलहाल पुलिस ने दोनों ही गुटों के बदमाशों की पहचान के आधार पर उनकी तलाश में दबिश तेज कर दी है. थाना प्रभारी भूपेंद्र कुमार के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है.

Follow Us