सेहत से खिलवाड़! मंडी का टॉयलेट बना वेजिटेबल स्टोर, अंदर सब्जियों को पैक करता दिखा शख्स

मेरठ के मवाना मंडी में एक टॉयलेट को ही वेजिटेबल स्टोर बना दिया गया है. यहां एक आदमी शौचालय के अंदर बैठा दिखा. साथ ही बड़ी-बड़ी पॉलीथिन में टमाटर, लौकी, धनिया और तोरी पैक करता दिखा है.

टॉयलेट में सब्जियों को पैक करता दिखा शख्स Image Credit:

मेरठ के मवाना नवीन मंडी समिति का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बेहद तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में मंडी समिति के शौचालय में सब्जियों का स्टोर बना दिख रहा है. टमाटर, तौरी, लौकी और धनिया का ढेर शौचालय के अंदर साफ-साफ दिख रहा है. वीडियो सामने आने के बाद मवाना नवीन मंडी की इस व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं.

लोगों की जान से हो रहा खिलवाड़

सब्जियों को शौचालय में रखकर लोगों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है. गंदगी के अंबार के बीच सब्जियों को रखकर संक्रमण फैलाया जा रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक आदमी शौचालय के अंदर बैठा है. साथ ही बड़ी-बड़ी पॉलीथिन में टमाटर, लौकी, धनिया और तोरी पैक करता दिखा.

मंडी से दुकानदार को हटाया गया

सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो पर भारी रोष जता रहे हैं. साथ ही मवाना नवीन मंडी के व्यवस्थापकों पर लोगों की जान से खेलने का आरोप लगा रहे हैं. इस मामले में एसडीएम मवाना संतोष कुमार ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है. दुकानदार को हटा दिया गया है. उसकी दुकान को भी निलंबित कर दिया गया है. अब भविष्य में उसे मंडी में एंट्री नहीं दी जाएगी. साथ ही शौचालय की गेट पर भी ताला लगवा दिया जाएगा.

मंडी समिति के सचिव ने क्या कहा?

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडी परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहद खराब है. तमाम शिकायतों के बाद भी मंडी समिति गंभीर नहीं दिखी. उनकी तरफ से साफ-सफाई को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया. वहीं, इस मामले में मंडी समिति सचिव अर्जुन सिंह कहा कि तेज धूप से बचाने के लिए व्यापारी अपनी सब्जियां टॉयलेट में रख लेते हैं. ये टॉयलेट काफी समय से बंद पड़े हैं. लेकिन अब टॉयलेट के गेट पर ताला लगवा दिया जाएगा.

Follow Us