एनकाउंटर की धमकी देकर दो दरोगाओं ने व्यापारी से वसूले 20 लाख, FIR होते ही दोनों फरार

मेरठ के दो दरोगाओं पर एक व्यापारी को एनकाउंटर के लिए धमकाने और उससे 20 लाख रुपये वसूलने का आरोप लगा है. अब इन दरोगाओं के ऊपर व्यापारी ने मुकदमा दर्ज करा लिया है. इस बीच एफआईआर की जानकारी होते ही दोनों दरोगाओं ने व्यापारी को 15 लाख वापस कर दिए हैं. फिर फरार हो गए.

मेरठ में 2 दरोगाओं पर FIR

मेरठ के लोहियानगर थाने में तैनात दो दरोगाओं पर जबरन वसूली और जान से मारने का मामला दर्ज किया गया. दोनों दरोगाओं पर आरोप है कि उन्होंने व्यापारी को गाड़ी में बंधक बनाया. फिर पैर में गोली मारने और फर्जी एनकाउंटर में फंसाने की धमकी दी. भय के माहौल में व्यापारी से कथित तौर पर 20 लाख रुपये की वसूली की. जब व्यापारी ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे हवाला का पैसा बताकर जान से मारने की बात कहकर धमकाया.

धागा व्यापारी रासिख इस्लामाबाद रिक्शा रोड के रहने वाले हैं. उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि लोहियानगर थाने में तैनात दो दरोगा लोकेन्द्र साहू और महेश कुमार उनसे जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. अब व्यापारी की शिकायत पर दोनों दरोगाओं पर बीएनएस की धारा 308(5), 308(6), 351(3), 127(2) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7/13 में एफआईआर दर्ज की गई है.

मुकदमे की जानकारी होते ही व्यापारी को वापस किए 15 लाख

पुलिस ने दोनों ही दरोगाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. लेकिन इसकी जानकारी होते ही वे फरार हो गए. हालांकि, मुकदमे की जानकारी होते ही दोनों ने कथित रूप से 15 लाख रुपये व्यापारी को वापस किए. फिर दोबारा फरार हो गए. घटना 8 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है. पुलिस में मुकदमा 10 फरवरी 2026 को दर्ज कराया गया. अब तक दोनों दरोगाओं को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है.

एसएसपी अविनाश पांडे ने की मामले की पुष्टि

एसएसपी अविनाश पांडे ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि धागा व्यापारी से दो दरोगाओं द्वारा जबरन वसूली की शिकायत मिली थी. शिकायत के आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. एसएसपी ने कहा कि आरोप गंभीर हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है. फरार दरोगाओं की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.